
भारत समेत दुनियाभर में Microsoft की सेवाएं 12 घंटे से ठप, Outlook पर असर
Microsoft Outage: दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की प्रमुख सेवाएं भारत समेत दुनिया भर में पिछले 12 घंटों से ठप पड़ी हैं। माइक्रोसॉफ्ट 365 (Microsoft 365), ईमेल सेवा आउटलुक (Outlook) और कॉरपोरेट मैसेजिंग ऐप टीम्स (Teams) में आई भारी तकनीकी खराबी के कारण ग्लोबल स्तर पर कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
अचानक आए इस बड़े आउटेज के कारण दुनिया भर के लाखों यूजर्स को अपने अकाउंट लॉगिन करने, मेल भेजने और रिसीव करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
74 से अधिक देशों में पड़ा असर
डाउनडिटेक्टर (Downdetector) और वैश्विक आउटेज ट्रैकर्स के मुताबिक, भारतीय समयानुसार यह तकनीकी परेशानी रात के समय शुरू हुई थी और 12 घंटे बीत जाने के बाद भी सेवाएं पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई हैं। अकेले आउटलुक को लेकर दुनिया भर में 1 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस वैश्विक तकनीकी गड़बड़ी का असर भारत समेत करीब 74 देशों में देखने को मिल रहा है। कई दफ्तरों, एयरलाइंस और सरकारी विभागों के कामकाज में रुकावट आई है, जिससे कॉरपोरेट सेक्टर में हड़कंप मच गया है।
माइक्रोसॉफ्ट ने दी सफाई
इस बड़े पैमाने पर आए व्यवधान के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया है कि यह समस्या किसी भी प्रकार के साइबर हमले (Cyberattack) या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि का परिणाम नहीं है। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, यह समस्या सर्वर के बुनियादी ढांचे के कुछ हिस्सों में अत्यधिक लोड (Elevated Load) के कारण उत्पन्न हुई है।
माइक्रोसॉफ्ट के इंजीनियर प्रभावित सर्वर की स्थिरता की निगरानी कर रहे हैं और सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से पटरी पर लाने के लिए लगातार कॉन्फ़िगरेशन बदलाव में जुटे हुए हैं। कंपनी ने यूजर्स को आश्वासन दिया है कि उनकी तकनीकी टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही हैं और जल्द ही सभी प्रभावित सेवाओं को पूरी तरह सामान्य कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़े-जेनसेन हुआंग ने Nvidia से दिया इस्तीफा, चीन की ‘जासूस’ से अफेयर पर हुआ था बवाल





