Lashkar का टॉप कमांडर लतीफ भट ढेर, सरेंडर का ऑफर ठुकराने पर सेना ने मार गिराया

Kulgam Encounter: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम (Kulgam) जिले में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने एक सटीक ऑपरेशन के दौरान आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) के टॉप कमांडर लतीफ भट (Latif Bhat) को मुठभेड़ में मार गिराया है।

लतीफ भट बीते 11 नवंबर को कुलगाम में CRPF नाके पर हुए आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड था, जिसमें तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे।

मस्जिद में छिपा था आतंकी

सुरक्षाबलों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के कुलगाम इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया था। मुठभेड़ शुरू होने पर लतीफ भट जान बचाने के लिए पास की एक मस्जिद के अंदर जा छिपा। धार्मिक स्थल की पवित्रता बनाए रखने और इमारत को किसी भी तरह के नुकसान से बचाने के लिए सुरक्षाबलों ने अत्यधिक संयम का परिचय दिया।

ऑपरेशन के दौरान सेना और पुलिस के अधिकारियों ने लतीफ भट को अपनी जान बचाने का अवसर दिया। सुरक्षाबलों ने उसे फोन उपलब्ध कराकर वीडियो कॉल के जरिए आत्मसमर्पण (Surrender) करने के लिए घंटों समझाया और लाउडस्पीकर से भी अपील की।

हालांकि, उसने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया और सुरक्षाबलों पर फायरिंग जारी रखी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने बेहद सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए मस्जिद को बिना कोई क्षति पहुंचाए आतंकी को ढेर कर दिया।  मौके से उसका शव व हथियार बरामद कर लिए।

दो दिन पहले मारा गया था उसका सहयोगी

गौरतलब है कि यह मुठभेड़ सोमवार को हुए उस एनकाउंटर के महज दो दिन बाद हुई है, जिसमें सुरक्षाबलों ने लतीफ भट के करीबी सहयोगी उमर निसार डार (Umar Nisar Dar) को मार गिराया था। सोमवार की मुठभेड़ के दौरान लतीफ भट मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया था, जिसके बाद से ही सेना और पुलिस की टीमें लगातार उसका पीछा कर रही थीं।

पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज में यह सामने आया था कि उमर निसार डार ने पिछले करीब छह महीनों से लतीफ भट को पनाह और रसद मुहैया कराई थी, और 11 नवंबर के हमले से एक दिन पहले दोनों ने मिलकर कुलगाम के मीर बाजार समेत कई इलाकों की रेकी भी की थी। लतीफ भट घाटी में सक्रिय अंतिम स्थानीय आतंकी कमांडरों में से एक माना जा रहा था, जिसके खात्मे से दक्षिण कश्मीर में लश्कर के नेटवर्क को करारा झटका लगा है।

Back to top button