Lausanne में नीरज चोपड़ा के सामने होगी दिग्गजों की फौज, अरशद नदीम और रुमेश पथिरागे से कड़ी टक्कर

ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा 21 अगस्त 2026 को लुसाने डायमंड लीग में उतरेंगे.

Lausanne Diamond League 2026: दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा 21 अगस्त, 2026 को स्विट्जरलैंड के लुसाने में होने वाली डायमंड लीग (Lausanne Diamond League) में दुनिया के सबसे बेहतरीन भाला फेंक खिलाड़ियों के खिलाफ उतरेंगे. कमर की चोट से वापसी के बाद यह उनका तीसरा टूर्नामेंट होगा और उम्मीद है कि यहां एक ऐतिहासिक मुकाबला देखने को मिलेगा.

मैदान में उतरेंगे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ थ्रोअर

आयोजकों के मुताबिक, 21 अगस्त को एथलेटिसिमा में होने वाली यह प्रतियोगिता ‘असाधारण स्तर’ की होगी. इस प्रतियोगिता में पिछले चार ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के विजेता एक साथ मैदान में उतरेंगे.

हाल ही में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों (CWG 2026) में रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा के सामने इस बार कड़ी चुनौती होगी. उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी और पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम भी इस प्रतियोगिता का हिस्सा हैं. इसके अलावा, मौजूदा विश्व चैंपियन त्रिनिदाद एवं टोबैगो के केशोर्न वॉलकॉट, ग्रेनाडा के पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, और जर्मनी के पूर्व ओलंपिक चैंपियन थॉमस रोहलर भी खिताब के लिए जोर लगाएंगे.

श्रीलंका के रुमेश पथिरागे से सबसे बड़ी चुनौती

इस वक्त दुनिया के सबसे फॉर्म में चल रहे जैवलिन थ्रोअर श्रीलंका के रुमेश पथिरागे पर भी सभी की नजरें होंगी. पथिरागे ने हाल ही में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 89.75 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता था, जहां नीरज को रजत से संतोष करना पड़ा था.

पथिरागे का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 92.62 मीटर है, जो उन्होंने इस साल जून में रोम डायमंड लीग में हासिल किया था. खास बात यह है कि इस सीजन में 90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले वह दुनिया के इकलौते भाला फेंक खिलाड़ी हैं.

ये भी पढ़े-CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को तीसरा गोल्ड, पैरा-एथलीट गावित ने रचा इतिहास

चोट के बाद नीरज की दमदार वापसी 

पिछले साल सितंबर में कमर की चोट का शिकार होने के बाद नीरज ने इस साल जून में दोहा डायमंड लीग से वापसी की थी. वहां उन्होंने 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया था. इसके बाद उन्होंने अपनी लय हासिल करते हुए ग्लास्गो में 85.83 मीटर का अपना सीजन-बेस्ट प्रदर्शन कर रजत पदक जीता.

ग्लास्गो में मेडल जीतने के बाद नीरज ने कहा था, “आप हमेशा चाहते हैं कि राष्ट्रगान बजे, लेकिन मैंने सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. वापसी सही दिशा में जा रही है. अभी आगे कई प्रतियोगिताएं हैं और मैं इससे खुश हूं.”

लुसाने डायमंड लीग नीरज चोपड़ा के लिए हमेशा लकी रहा है. उन्होंने साल 2022 में यहां 89.08 मीटर के थ्रो के साथ खिताब जीता था. वहीं 2024 में उन्होंने अपने करियर का चौथा सर्वश्रेष्ठ थ्रो (89.49 मीटर) फेंकते हुए दूसरा स्थान हासिल किया था.

ये भी पढ़े-CWG 2026: नीरज चोपड़ा संग 3 भारतीयों की जेवलिन के फाइनल में एंट्री, अरशद नदीम को पछाड़ा

Back to top button