
लखनऊ में नकली पान मसाला की फैक्ट्री पकड़ाई, नमी ब्रांडस के नाम पर चल रहा था खेल
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। लखनऊ की मड़ियांव थाना पुलिस ने सिकरवार चौराहे के पास स्थित एक किराए के मकान में अवैध रूप से संचालित हो रही नकली पान मसाला बनाने वाली फैक्ट्री पर छापेमारी की है।
पुलिस ने राजश्री, कमला पसंद, विमल और किशोर सुपर जैसे नामचीन ब्रांड्स के रैपर में नकली माल भरकर बेचने वाले दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। मौके से भारी मात्रा में निर्मित-अनिर्मित सामग्री, सुगंधित केमिकल और पैकिंग मशीनरी बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
किराए के मकान में चल रहा था धंधा
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रायबरेली जिले के शिवगढ़ इलाके के दहेली महराजगंज निवासी पिंटू गुप्ता (45 वर्ष) और उसके साथी पवन साहू (30 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने विपिन सिंह नामक मकान मालिक से करीब 7,500 रुपये प्रति महीने के किराए पर यह मकान ले रखा था। दोनों आरोपी रिहायशी इलाके में छिपकर लंबे समय से यह अवैध कारोबार चला रहे थे और बिक्री से होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे।
ये भी पढ़े-CM ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी और विश्वकर्मा पूजा की दीं शुभकामनाएं
30 लाख रुपये की सामग्री बरामद
पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से 39.5 किलोग्राम तैयार नकली मिश्रित पान मसाला, 5.5 किलोग्राम खुली तंबाकू, 600 ग्राम कत्था-चूना पाउडर और एक बोरी जर्दा जब्त किया गया है। इसके अलावा मौके से राजश्री के चार बोरी पैकेट व एक बोरी पाउच, कमला पसंद के चार बोरी पैकेट, किशोर सुपर के पाउच, इलेक्ट्रॉनिक पैकिंग मशीन, मशीन के 10 स्पेयर पार्ट्स, रैपर चिपकाने वाला हीटर, एलीमेंट हीटर, सुगंधित सेंट की बोतलें और बड़े रोल बरामद हुए हैं।
ये भी पढ़े-लखनऊ में लोहिया संस्थान के स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने किया संबोधित
पड़ोसी जिलों में सप्लाई होता था माल
मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि आरोपी अलग-अलग नामी कंपनियों के मिलते-जुलते फर्जी रैपर छपवाते थे। इसके बाद तैयार मसाले में संबंधित ब्रांड के अनुसार सेंट मिलाकर उसे मशीन से पैक करते थे। तैयार माल को आरोपी अपनी स्कूटी से लखनऊ के स्थानीय बाजारों, ग्रामीण इलाकों और पड़ोसी जनपदों की दुकानों में सप्लाई करते थे।
मड़ियांव पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
ये भी पढ़े-Gen-Z आंदोलन में हुई आतंकियों की जय-जयकार’, रायबरेली में बोले राजा भैया





