
UP Elections: यूपी चुनाव से पहले नितिन नवीन का लखनऊ दौरा, सरकार और संगठन के साथ महामंथन
UP Elections: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज से दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर रहेंगे। वे सीएम योगी और संगठन के पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर महामंथन करेंगे।
UP Elections: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। इसी सिलसिले में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार से दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे हैं। अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला लखनऊ दौरा है, जिसे राजनीतिक नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है।
एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत और रोड शो
नितिन नवीन के लखनऊ आगमन पर अमौसी एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य रोड शो और स्वागत किया गया। चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डा, आलमबाग और चारबाग सहित कई प्रमुख चौराहों पर उनके स्वागत की विशेष तैयारियां की गईं। उनके आने से पहले यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने तैयारियों की समीक्षा की थी।
सीएम योगी और कोर कमेटी के साथ बैठकें
लखनऊ पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने पार्टी की नई घोषित प्रदेश टीम, क्षेत्रीय अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठकें शुरू कीं। शाम को हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ अहम बैठक करेंगे।
इसके बाद यूपी बीजेपी की कोर कमेटी के साथ चुनावी रणनीति का खाका खींचा जाएगा।नितिन नवीन विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे और रात का भोजन मुख्यमंत्री आवास पर करेंगे।
ये भी पढ़े- Varanasi News: काशी विश्वनाथ मंदिर में सिपाही की बंदूक से चली गोली, 3 लोग जख्मी
NDA सहयोगी और बूथ प्रबंधन पर जोर
अपने दौरे के दूसरे दिन यानी रविवार को नितिन नवीन बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और एनडीए (NDA) के घटक दलों के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक करेंगे। इसके बाद वे ‘राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल’ पर शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने दौरे के अंत में वे पीर नगर जाकर बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे, ताकि बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जा सके।
ये भी पढ़े- पेट्रोल पंप के अंदर बने रेस्टोरेंट में लगी आग, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…





