न सिलेंडर की लोडिंग, न कमाई…लखनऊ में इंडेन ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से सप्लाई प्रभावित

Transporters Strike: अमौसी प्लांट के बाहर सुबह 6 बजे से प्रदर्शन, ट्रांसपोर्टरों का आरोप- टेंडर में ढाई लाख के काम का वादा, अब तीसरे-चौथे दिन मिल रहा लोड

Lucknow: लखनऊ में इंडेन एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई गुरुवार को प्रभावित हो गई। सरोजनीनगर के अमौसी स्थित इंडियन ऑयल एलपीजी बॉटलिंग प्लांट के बाहर ट्रांसपोर्टर सुबह 6 बजे से हड़ताल पर बैठ गए। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि टेंडर के समय कंपनी ने जितने काम का भरोसा दिया था, उसके मुकाबले अब उन्हें बेहद कम लोड मिल रहा है, जिससे लगातार आर्थिक नुकसान हो रहा है।

टेंडर में ढाई लाख के काम का दावा, अब एक लाख भी नहीं
हड़ताल कर रहे ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि टेंडर के दौरान उन्हें करीब ढाई लाख रुपये का काम मिलने की बात कही गई थी। लेकिन मौजूदा स्थिति में एक लाख रुपये का भी काम नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना है कि गाड़ियों की किस्त, ड्राइवरों का खर्च और अन्य लागत लगातार जारी है, जबकि आमदनी कम हो गई है।

ट्रांसपोर्टरों के मुताबिक, गाड़ियों के लोन की किस्तें चुकाना भी मुश्किल हो रहा है और बैंकों की ओर से नोटिस आने लगे हैं।

तीसरे-चौथे दिन मिल रहा लोड
ट्रांसपोर्टरों ने आरोप लगाया कि पहले गाड़ियों को नियमित रूप से लोड मिलता था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। प्लांट से रोजाना लोड मिलने के बजाय किसी एक गाड़ी को तीसरे या चौथे दिन लोड मिल पाता है। इससे गाड़ियां लंबे समय तक खाली खड़ी रहती हैं और कारोबार प्रभावित हो रहा है।

इसके अलावा, एजेंसियों तक सिलेंडर लेकर पहुंचने वाली कुछ गाड़ियों को कथित तौर पर दो-दो दिन तक खाली नहीं किया जाता। ऐसे में गाड़ियां एजेंसी पर खड़ी रहती हैं और ट्रांसपोर्टरों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है।

यह भी पढ़ें…

Ayodhya के सरकारी स्कूलों में यू-ट्यूबर्स की एंट्री पर रोक, BSA ने जारी किया आदेश

बाहरी जिलों की सप्लाई भी बंद
ट्रांसपोर्टरों के अनुसार, पहले अमौसी प्लांट से लखनऊ के अलावा आसपास के बाहरी जिलों में भी सिलेंडरों की आपूर्ति की जाती थी। अब प्लांट अधिकारियों ने बाहरी जिलों के लिए लोड भेजना बंद कर दिया है और सप्लाई को लखनऊ शहर तक सीमित कर दिया गया है।

ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि इससे काम की मात्रा और कम हो गई है। वे अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं और कंपनी से टेंडर में किए गए वादे के मुताबिक पर्याप्त काम उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें…

महिला बैंक कर्मी की हत्या,पति पर लगा आरोप

सप्लाई प्रभावित होने से उपभोक्ताओं पर भी असर की आशंका
ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के चलते लखनऊ में इंडेन सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित हुई है। यदि हड़ताल लंबी चलती है तो गैस एजेंसियों तक सिलेंडर पहुंचने की रफ्तार पर असर पड़ सकता है। फिलहाल ट्रांसपोर्टर अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और कंपनी की ओर से समाधान का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें…

श्रावस्ती के कथित एनकाउंटर की CBI जांच का आदेश

Back to top button