UP News: बलिया में पवन सिंह के कार्यक्रम में बवाल, पुलिस लाठीचार्ज में कई फैंस घायल

Pawan Singh Ballia Event: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के बलिया कार्यक्रम में फैंस की भारी भीड़ बेकाबू हो गई। भीड़ को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

Pawan Singh Ballia Event: भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह के एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के बलिया में जबरदस्त हंगामा हो गया। सिंगर की एक झलक पाने के लिए उनके फैंस इस कदर बेकाबू हुए कि वहां भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अंततः लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। इस लाठीचार्ज और भगदड़ में कई फैंस गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कार्यक्रम स्थल पर रखीं सैकड़ों कुर्सियां और टेबल भी टूट गए।

पवन सिंह के आते ही मची अफरा-तफरी

यह पूरा वाकया बलिया में आयोजित एक कार्यक्रम का है, जहां पवन सिंह को सुनने और देखने के लिए हजारों की संख्या में उनके प्रशंसक पहुंचे थे। जैसे ही पवन सिंह स्टेज पर आए, सामने खड़ी भीड़ बेकाबू हो गई और आगे बढ़ने की होड़ में लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। इस दौरान वहां मौजूद वीआईपी और दर्शक दीर्घा में रखी कुर्सियां तोड़ दी गईं।

कार्यक्रम में सांसद रवि किशन और उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी अतिथि के रूप में मौजूद थे। उनकी मौजूदगी के बावजूद भीड़ का उत्साह हुड़दंग में बदल गया, जिसे संभालने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

ये भी पढ़े-अयोध्या के बाद अब मथुरा में ‘चंदा चोरी’ पर बवाल, संत ने CM योगी को खून से लिखी चिट्ठी

बिना वजह पीटने का आरोप

पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के दौरान कई प्रशंसकों को गंभीर चोटें आई हैं। घायल हुए एक प्रशंसक सचिन कुमार ने मीडिया को आपबीती बताते हुए कहा कि वह वहां चुपचाप खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे, तभी चार पुलिसकर्मियों ने उन्हें बिना किसी वजह के दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। सचिन के सिर से काफी खून बह रहा था और चोट के निशान साफ नजर आ रहे थे। कई अन्य लोगों ने भी पुलिस पर बेवजह बर्बरता करने का आरोप लगाया है।

ये भी पढ़े-UP News: लखनऊ से लेकर अमेठी तक CBI की रेड, यूपी शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

वैवाहिक विवादों में भी घिरे हैं पवन सिंह

एक तरफ जहां पवन सिंह के शोज में यह हंगामा हुआ, वहीं दूसरी तरफ वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच पिछले काफी समय से वैवाहिक विवाद चल रहा है, जो अब तलाक (Divorce) की दहलीज पर है। साल 2018 में हुई इस शादी में शुरुआती दिनों से ही काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं।

ये भी पढ़े-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का काशी दौरा, वाराणसी एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

Back to top button