उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा… 24 घंटे में 2 इनामी ढेर, कई घायल

UP Crime News: प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पुलिस की एनकाउंटर कार्रवाई लगातार जारी है। बीते 24 घंटों में कई जिलों में मुठभेड़ हुई, जिसमें दो इनामी बदमाश मारे गए, जबकि अन्य मुठभेड़ों में कई अपराधी घायल और गिरफ्तार किए गए।

लखनऊ में डेढ़ लाख का इनामी बदमाश गुरुसेवक ढेर
राजधानी लखनऊ में पुलिस और डेढ़ लाख रुपये के इनामी गुरुसेवक के बीच रविवार देर शाम मुठभेड़ हुई। गुरुसेवक उन्नाव के एक कैब ड्राइवर के अपहरण और सीतापुर में उसकी हत्या के मामले में वांछित था। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर 4-5 राउंड फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल गुरुसेवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, गुरुसेवक पर हत्या, रेप और लूट के कई मुकदमे दर्ज थे।

25 हजार का इनामी शहजाद मेरठ में ढेर
मेरठ में तड़के पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी शहजाद उर्फ निक्की के बीच मुठभेड़ हुई। शहजाद दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म के मामले में वांछित था। गश्त के दौरान पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शहजाद घायल हुआ और अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। शहजाद के खिलाफ सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

यह भी पढ़ें…

करवा चौथ पर हुयी अजीब घटना, पूजा के बाद 12 दुल्हनें फरार…

वाहन चेकिंग के दौरान मुजफ्फरनगर में मुठभेड़
मुजफ्फरनगर जिले में तितावी थाना पुलिस ने संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चार बदमाश घायल हुए: आरिफ उर्फ पिरी, राशिद उर्फ पप्पू, समीर उर्फ शहजाद, अरशद। उनके दो साथी सोनू उर्फ अजित और जानू उर्फ जान मौहम्मद को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 2 कार, 1 मोटरसाइकिल, 4 तमंचे और ट्रांसफार्मर चोरी का माल बरामद हुआ।

यह भी पढ़ें…

Meerut: बच्चियों से रेप करने वाले आरोपी का एनकाउंटर, घोषित था 25 हजार का इनाम

झांसी में ई-रिक्शा लूटने वालों को पकड़ने में पुलिस सफल
झांसी में ई-रिक्शा लूटने वाले बदमाशों का पुलिस ने तीन घंटे के अंदर पीछा कर एनकाउंटर किया। बदमाशों ने सवारी बनकर ई-रिक्शा, मोबाइल और 200 रुपये लूटे थे। पुलिस की घेराबंदी में फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में विजय नाम का बदमाश घायल हुआ, जबकि उसका सहयोगी करन गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से लूटा हुआ ई-रिक्शा और अन्य सामान बरामद किया गया।

उत्तर प्रदेश पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति ने अपराधियों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। इन एनकाउंटर और गिरफ्तारी की कार्रवाइयों से प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश मिलता है।

यह भी पढ़ें…

बरेली हिंसा पर सख्त एक्शन… तौकीर रजा के करीबियों की 17 दुकानें सील

Back to top button