रफ्तार बनी काल; बेकाबू कार ने सड़क किनारे लोगों को कुचला, 3 की मौत, 1 गंभीर

Pratapgarh Hit and run case: यूपी के मानिकपुर थाना क्षेत्र के मीरगढ़वा चौराहे पर मंगलवार रात हुई भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई.

Pratapgarh Hit and run case: दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल है. जिसका हायर सेंटर में इलाज चल रहा है. घटना सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें एक बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे ठेले पर खड़े लोगों को रौंदती हुई दिख रही है.

प्रयागराज लखनऊ मार्ग पर मानिकपुर थाना क्षेत्र के मीर गढ़वा चौराहे पर सड़क किनारे भुट्टे के ठेले पर कई लोग खड़े थे. इसी दौरान प्रयागराज की तरह से आ रही एक नीली कार डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर ठेले में घुस गई. ठेले से टकराने के बाद कार के एयरबैग खुल गए. जिससे ड्राइवर की जान बच गई, लेकिन ठेले के पास मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

सूचना पर मिलने पर पहुंची पुलिस ने आननफानन घायलों को सीएचसी कालाकांकर पहुंचाया गया. जहां से चार लोगों को रायबरेली एम्स रेफर किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान तीन की मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल एक युवती का इलाज रायबरेली एम्स में चल रहा है. कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है. वह भी चोटिल हुआ है.

सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि हादसे में मूलरूप से कौशांबी के बुलाकीपुर गांव के रहने वाले मधु प्रकाश (30), मानिकपुर थाना क्षेत्र निवासी झन्ने सरोज (45), यादव पट्टी अंगद का पुरवा निवासी अरुण यादव (32), शिल्पी (19), लखनऊ चिनहट निवासी शक्ति मिश्रा (21) और बाराबंकी निवासी दिशा साहनी (20) गंभीर रूप से घायल हुए थे. सीएचसी कालाकांकर के डाॅक्टरों ने मधु प्रकाश को पहले ही मृत घोषित कर दिया. रायबरेली एम्स में भर्ती झन्ने सरोज, अरुण यादव की मौत हो चुकी है. शिल्पी नाजुक स्थिति में है.

Back to top button