Rahul Gandhi की मानसिकता Bharat को बदनाम करने की है:Kiren Rijiju

 

Kiren Rijiju Delhi: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा विदेशी दौरे के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाए जाने पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि राहुल गांधी की देशविरोधी सोच और विदेशी ताकतें उन्हें भारत की बदनामी करने के लिए उकसाती हैं।केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हम आमतौर पर राहुल गांधी की बातों को अहमियत नहीं देना चाहते, लेकिन वे विपक्ष के नेता हैं। जब वे विदेश जाकर भारत के बारे में गलत बयान देते हैं, तो हमें अपना विरोध दर्ज कराना ही पड़ता है। हमें उम्मीद है कि कम से कम अब तो वे अपने व्यवहार में सुधार लाएंगे। वे अमेरिका या अन्य देशों में जाकर कहते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो गई है।

पूरी दुनिया कहती है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। IMF (जिसे हमने नहीं बनाया है), विश्व बैंक और अन्य वित्तीय संस्थान कहते हैं कि भारत इस समय सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है, जबकि राहुल गांधी कहते हैं कि अर्थव्यवस्था खत्म हो चुकी है। उन्हें यह बात कौन समझा सकता है। उन्होंने कहा कि आज के दिन में, मैं कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी अपने आपको, अपनी पार्टी के साथ विपक्ष को डुबाने का काम कर रहे हैं। कोई देश का सच्चा भारतीय नहीं चाहेगा कि कोई भारतीय विदेश में जाकर भारत के खिलाफ अनाप-शनाप बात करें। राहुल गांधी लोकतंत्र और वोट चोरी की बात करते हैं। अगर भारत में लोकतंत्र नहीं है तो वह कैसे केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हैं, वे कैसे पीएम मोदी के खिलाफ बोलते हैं। राहुल गांधी कहते हैं कि बोलने की आजादी नहीं है तो वह क्या साबित करना चाहते हैं?

उन्होंने कहा कि आईएमएफ के आंकड़े बताते हैं कि 2011 से 2023 के बीच, भारत में 50 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। करोड़ों लोग घोर गरीबी से बाहर निकले हैं। दूसरे शब्दों में कहें तो, भारत ने दुनिया में तेजी से गरीबी कम करने का रिकॉर्ड बनाया है। आप सभी जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने ‘गरीबी हटाओ’ का वादा करके कितनी बार वोट मांगे और सत्ता में आई। लेकिन क्या कांग्रेस के दौर में सचमुच गरीबी खत्म हुई? आज, पीएम मोदी के नेतृत्व में, हम एक ऐसे मुकाम पर पहुंच गए हैं, जहां गरीबी लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच चुकी है, और हम ‘विकसित भारत’ की राह पर बढ़ चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं राहुल गांधी को दो ही सुझाव देना चाहता हूं कि भारत में आप इतनी आजादी से घूमते हैं, जो करना चाहते हैं, कर लेते हैं। विदेश में जाकर छिप-छिपकर भागते हैं। इतनी आजादी मिलने के बाद नहीं कहना चाहिए कि देश में लोकतंत्र नहीं है, आजादी खत्म हो गई है। दूसरी सलाह यह है कि वह यह झूठ कहना बंद करें कि भारत की अर्थव्यवस्था मृत है। इससे कुछ भी हासिल नहीं होने वाला है। राहुल गांधी देश की तरक्की को नीचे करके, भारत को बदनाम करके, क्या साबित करना चाहते हैं?
रिजिजू ने कहा कि मुझे लगता है कि राहुल गांधी खुद भारत के खिलाफ बोलते हैं और ऐसे बयान देते हैं, जिनका मकसद देश को बदनाम करना होता है।

Back to top button