
Ayodhya: राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मास्टरमाइंड पुलिस रिमांड पर, बड़े खुलासों की उम्मीद
Ayodhya News: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को कोर्ट ने 13 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानिए पुलिस पूछताछ में क्या बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
Ayodhya News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले (Ram Mandir Donation Scam) में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों में से मुख्य किरदार माने जा रहे अविनाश शुक्ला को कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने रिमांड पर ले लिया है। शुक्रवार सुबह पुलिस की एक विशेष टीम जेल पहुंची और अविनाश को अपनी कस्टडी में लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट के विशेष न्यायाधीश ने पुलिस को अविनाश शुक्ला की 13 घंटे की कस्टडी रिमांड मंजूर की है। हालांकि, मामले की जांच कर रहे क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी ने पूछताछ और चोरी की रकम व सामान की बरामदगी के लिए कोर्ट से 48 घंटे की रिमांड मांगी थी।
आरोपी के पास से बरामद हो चुकी है भारी रकम
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अविनाश शुक्ला को इस पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। अब तक हुई गिरफ्तारियों में सबसे ज्यादा रिकवरी इसी के पास से हुई है। पुलिस अविनाश के पास से 20.39 लाख रुपये से अधिक की नकदी, करीब 1000 अमेरिकी डॉलर और 170 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण पहले ही जब्त कर चुकी है।
ये भी पढ़े- Ram Mandir chanda chori: आरोपियों से पाई-पाई की होगी रिकवरी; संपत्तियां होंगी जब्त
रिमांड के दौरान इन बिंदुओं पर होगी पूछताछ
पुलिस ने कोर्ट को बताया कि जेल में हुई शुरुआती पूछताछ के दौरान अविनाश ने कई अहम जानकारियां दी हैं, लेकिन अभी कई कड़ियों को जोड़ना बाकी है। 13 घंटे की इस रिमांड के दौरान पुलिस निम्नलिखित बिंदुओं पर काम करेगी:
-
नेटवर्क का खुलासा: इस चोरी के पीछे और कौन-से बड़े चेहरे शामिल हैं, जो पर्दे के पीछे से इसे शह दे रहे थे।
-
सामान की बरामदगी: वारदात में इस्तेमाल की गई आरोपी की बाइक और चोरी के अन्य बचे हुए साक्ष्यों को बरामद करना।
-
पैतृक गांव का दौरा: सूत्रों के मुताबिक, पुलिस आरोपी को लेकर प्रतापगढ़ स्थित उसके पैतृक गांव भी जा सकती है, जहां कुछ और अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
जांच अधिकारियों का मानना है कि इस पूछताछ के बाद न सिर्फ पहले से गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका पूरी तरह साफ हो जाएगी, बल्कि इस घोटाले में कुछ नए और बड़े नाम भी सामने आ सकते हैं।
ये भी पढ़े- राम मंदिर चढ़ावा केस में बड़ा अपडेट! चढ़ावे के साथ जमीन खरीद की भी होगी पड़ताल





