
Ranveer Singh Birthday: बॉक्स ऑफिस के भी धुरंधर हैं रणवीर सिंह, रिकॉर्ड हैरान कर देगा
Ranveer Singh Birthday: बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह के जन्मदिन पर जानिए उनकी उन ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बारे में, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और निर्माताओं को बनाया मालामाल।
Ranveer Singh Birthday: बॉलीवुड के एनर्जी किंग रणवीर सिंह 6 जुलाई को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। अपने करियर में उन्होंने एक से बढ़कर एक दमदार और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाए हैं। रणवीर की कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर न सिर्फ सफलता के झंडे गाड़े, बल्कि निर्माताओं को भी मालामाल कर दिया। आइए नजर डालते हैं रणवीर सिंह की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली शीर्ष फिल्मों पर:
1. धुरंधर और धुरंधर: द रिवेंज (Dhurandhar Franchise)
रणवीर सिंह के करियर के लिए यह फ्रैंचाइज़ी मील का पत्थर साबित हुई है। दिसंबर 2025 में रिलीज़ हुई ‘धुरंधर’ में भारतीय जासूस ‘हमजा अली मदारी’ का किरदार निभाकर उन्होंने दुनिया भर में लगभग 1,350 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक कमाई की। इसके ठीक बाद मार्च 2026 में आई इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने तो सारे रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए वैश्विक स्तर पर करीब 1,813 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
2. पद्मावत (Padmaavat)
संजय लीला भंसाली की इस भव्य फिल्म में रणवीर सिंह ने ‘अलाउद्दीन खिलजी’ का खौफनाक और यादगार किरदार निभाया था। उनके इस निगेटिव रोल को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 585 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया था।
3. सिंबा (Simmba)
रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स का हिस्सा बनकर रणवीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया। एक्शन, कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर इस फिल्म में संग्राम भालेराव (सिंबा) के रूप में रणवीर को बेहद पसंद किया गया। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 400 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की।
4. बाजीराव मस्तानी (Bajirao Mastani)
मराठा योद्धा ‘पेशवा बाजीराव’ के किरदार में रणवीर सिंह ने अपनी बेहतरीन अदाकारी का लोहा मनवाया था। इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर करीब 356 करोड़ रुपये बटोरे थे।
5. रॉकी और रानी की प्रेम कहानी (Rocky Aur Rani Kii Prem Kahaani)
आलिया भट्ट के साथ रणवीर की इस रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रणवीर की बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और चुलबुले अंदाज के दम पर फिल्म ने वैश्विक स्तर पर लगभग 355 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।




