AIMIM से बगावत, आसिम वकार ने चुनी कांग्रेस की राह; राहुल गांधी की जमकर तारीफ

Congress Joining: आसिम वकार ने AIMIM का साथ छोड़ दिया है. वह अब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गए हैं. अजय राय, राजेंद्र पाल गौतम और इमरान प्रतापगढ़ी की मौजूदगी में वकार, कांग्रेस में शामिल हुए.

New Delhi: असदुद्दीन ओवैसी की अगुवाई वाली AIMIM को उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे आसिम वकार ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। दिल्ली के इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी मौजूद रहे।

कांग्रेस में शामिल होते ही आसिम वकार ने अपने फैसले की वजह भी साफ कर दी। उन्होंने कहा कि देश में बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए कांग्रेस ही गंभीर लड़ाई लड़ रही है। वकार ने दावा किया कि AIMIM में रहते हुए उन्हें महसूस हुआ कि बीजेपी का विरोध करने के बजाय कांग्रेस को निशाना बनाया जाता है।

‘बीजेपी से अगर कोई लड़ रहा है तो राहुल गांधी’
आसिम वकार ने कहा कि देश और धर्मनिरपेक्षता की लड़ाई लड़ने वालों को एकजुट होना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि बीजेपी के खिलाफ अगर कोई मजबूती से लड़ रहा है तो वह राहुल गांधी हैं।

उन्होंने कहा, “बीजेपी को उखाड़ फेंकना है। मुझे MIM में रहने के दौरान ये लगा कि बीजेपी को हटाना है, लेकिन बीजेपी के खिलाफ नहीं लड़ते हैं और कांग्रेस पर निशाना साधते हैं। इसलिए मैं कांग्रेस ज्वाइन कर रहा हूं। असल में बीजेपी से अगर कोई लड़ रहा है तो राहुल गांधी लड़ रहे हैं।”

टिकट के लिए कांग्रेस में नहीं आया- वकार
आसिम वकार ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस में शामिल होने के पीछे उनकी कोई चुनावी टिकट की महत्वाकांक्षा नहीं है। उन्होंने कहा कि वह टिकट के लिए कांग्रेस में नहीं आए हैं। वकार ने अपने पुराने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने करीब 20 साल समाजवादी पार्टी में बिताए हैं।

उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक करियर में कभी ऐसा नहीं हुआ कि उन्होंने अखिलेश यादव से ट्रांसफर-पोस्टिंग जैसे निजी काम के लिए संपर्क किया हो।

यह भी पढ़ें…

NHAI टोल प्लाजा फर्जीवाड़े पर ED का एक्शन, UP-दिल्ली समेत 7 राज्यों में छापेमारी

हुमायूं कबीर को लेकर भी साधा निशाना
वकार ने हुमायूं कबीर को लेकर अपने पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें बीजेपी का एजेंट बताया था। उन्होंने बाबरी मस्जिद से जुड़े निर्माण और कथित फंडिंग के मुद्दे पर भी सवाल उठाए और कहा कि सत्ता में आने पर इसकी जांच कराई जानी चाहिए।

वकार ने कहा कि वह “सच, सही, देश और धर्मनिरपेक्षता” के साथ हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने अपने राजनीतिक रुख को बीजेपी विरोधी और धर्मनिरपेक्ष राजनीति के समर्थन से जोड़कर पेश किया।

राजेंद्र पाल गौतम बोले- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई
कांग्रेस में वकार के स्वागत के दौरान यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश में सभी वर्गों के लिए आंदोलन चल रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई राहुल गांधी लड़ रहे हैं और उनके संघर्ष से प्रभावित होकर आसिम वकार कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

यह भी पढ़ें…

UP के लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों की बदलेगी तस्वीर, बढ़ेगा ₹7 हजार तक मानदेय

अजय राय ने बताया ‘मजबूत व्यक्ति’
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आसिम वकार का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रही थी। उन्होंने कहा कि पार्टी में एक मजबूत व्यक्ति शामिल हुए हैं, जो हमेशा प्रखरता और वाकपटुता के साथ समाज के सामने अपनी बात रखते हैं।

अजय राय ने कहा कि आसिम वकार की सोच कांग्रेस की विचारधारा से मेल खाती है। उनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को उत्तर प्रदेश में राजनीतिक तौर पर कितना फायदा मिलता है, यह आने वाले समय में साफ होगा।

यह भी पढ़ें…

UP के पर्यटन मंत्री को हुआ स्वाइन फ्लू, एक्टिव केस का आंकड़ा पहुंचा 685

Back to top button