‘प्लेन क्रैश होने से बचाने वाले हीरोज को सलाम’, नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई क्रू की तारीफ की

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर हुआ हमला, विमान तेजी से नीचे आया; यात्रियों-क्रू ने संभाला मोर्चा

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में बुधवार को उस समय बड़ा संकट पैदा हो गया, जब कॉकपिट में एक पायलट ने कथित तौर पर दूसरे पायलट पर हमला कर दिया। घटना के दौरान विमान तेजी से नीचे आया और यात्रियों तथा क्रू के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई।

दो मिनट में करीब 17 हजार फीट नीचे आया विमान
फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान करीब 33-34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, लेकिन घटना के दौरान यह तेजी से नीचे आया और करीब 17 हजार फीट तक पहुंच गया। इस दौरान विमान में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

भारतीय पायलट पर हुआ हमला
इजरायली अधिकारियों और रिपोर्टों के मुताबिक, विमान के भारतीय कप्तान स्मित मच्छर पर उनके सह-पायलट ने कथित तौर पर चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कप्तान ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के कुछ सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू किया।

इसके बाद विमान में मौजूद दो अन्य फ्लाईदुबई पायलटों ने कॉकपिट संभाला और विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया। विमान में कुल 174 लोग सवार थे।

नेतन्याहू ने यात्रियों और क्रू को कहा ‘हीरोज’
इजरायल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने घटना के बाद विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू सदस्यों की तारीफ की। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय कप्तान स्मित मच्छर के साहस को सराहा और कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने संघर्ष किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिससे यात्रियों और क्रू को हमलावर को काबू करने का मौका मिला।

नेतन्याहू ने यात्रियों और क्रू को सलाम करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से बड़ी विमान दुर्घटना टली। उन्होंने घायल पायलट के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

यह भी पढ़ें…

PM Modi और President Trump के बीच हुई खास वार्ता  

हमलावर की पहचान और जांच जारी
रिपोर्टों के अनुसार कथित हमलावर को सऊदी अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान ओमानी नागरिक के रूप में बताई गई है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह और मकसद अभी स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच जारी है। फ्लाईदुबई ने भी कहा है कि कॉकपिट में घटना हुई थी और विमान में मौजूद ड्यूटी पर तैनात क्रू ने स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित डायवर्ट किया।

यह भी पढ़ें…

मैं अब बांग्लादेश लौटने की तैयारी में हूं:शेख हसीना

यात्रियों को सुरक्षित इजरायल पहुंचाया गया
आपात लैंडिंग के बाद यात्रियों को दूसरे विमान से तेल अवीव पहुंचाया गया। रिपोर्टों के मुताबिक सभी यात्री सुरक्षित रहे। घटना के पूरे क्रम और हमले के कारणों को लेकर संबंधित अधिकारी जांच कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें…

Dubai से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में हाईजैकिंग का अलर्ट, पायलट ने भेजा सिग्नल

Back to top button