
Jay Shah फिर बने ICC के बॉस, निर्विरोध दूसरी बार चुने गए चेयरमैन
Jay Shah ICC Chairman: विश्व क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) में भारत का दबदबा एक बार फिर साबित हुआ है। जय शाह (Jay Shah) लगातार दूसरी बार आईसीसी के चेयरमैन नियुक्त किए गए हैं। सोमवार, 16 नवंबर 2026 को इंडोनेशिया के बाली में हुई आईसीसी बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध अगले दो साल के कार्यकाल के लिए चेयरमैन चुने जाने पर मुहर लगा दी गई।
इससे पहले जय शाह ने अगस्त 2024 में ग्रेग बार्कले की जगह पहली बार आईसीसी चेयरमैन का पद संभाला था और उस समय भी वे निर्विरोध ही चुने गए थे।
ओलंपिक 2028 में पर होगा फोकस
लगातार दूसरी बार आईसीसी की कमान संभालने के बाद जय शाह ने बोर्ड के सभी निदेशकों और सदस्य देशों का आभार व्यक्त किया। अपने आधिकारिक बयान में उन्होंने कहा कि आईसीसी बोर्ड द्वारा उन पर जताए गए भरोसे से वे बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं और वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
जय शाह ने आगामी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि विश्व क्रिकेट अपने इतिहास के सबसे रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है। साल 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक (LA28 Olympics) में क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों व प्रशंसकों की एक नई पीढ़ी को प्रेरित करने का असाधारण अवसर लेकर आएगी।
दूसरे कार्यकाल तक का सफर
गौरतलब है कि 38 वर्षीय जय शाह साल 2024 में आईसीसी के इतिहास में सबसे कम उम्र के चेयरमैन बने थे। वे जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर के बाद इस सर्वोच्च वैश्विक पद पर आसीन होने वाले पांचवें भारतीय हैं। आईसीसी में आने से पहले उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मानद सचिव और एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष के रूप में भी ऐतिहासिक कार्य किए।
बीसीसीआई सचिव के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान आईपीएल मीडिया राइट्स की रिकॉर्ड डील, महिला प्रीमियर लीग (WPL) की शुरुआत और टेस्ट क्रिकेट प्रोत्साहन योजना जैसे कई बड़े कदम उठाए गए थे। बाली में हुई बैठक में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड, न्यूजीलैंड क्रिकेट और एसोसिएट सदस्यों के प्रमुखों ने भी जय शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके दूसरे कार्यकाल का स्वागत किया।
ये भी पढ़े-SMAT: सूर्यकुमार यादव ने ठोका तूफ़ानी अर्धशतक, हैदराबाद पर दिलाई आसान जीत





