
Asian Games 2026: अमन सहरावत ने वर्ल्ड चैंपियन को पछाड़ा, पुरुष हॉकी में भी भारत को गोल्ड
जापान में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) में भारतीय एथलीटों का दबदबा पूरी तरह कायम है। कुश्ती और हॉकी के मैदान से भारत के लिए दोहरी बड़ी खुशखबरी आई है। भारत के स्टार पहलवान अमन सहरावत ने पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में उत्तर कोरिया के मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन हांग चोंग सोंग को 11-7 से हराकर स्वर्ण पदक (Gold Medal) पर कब्जा जमाया।
इसके साथ ही भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी फाइनल मुकाबले में दमदार जीत दर्ज करते हुए देश की झोली में एक और स्वर्णिम सफलता डाल दी।
अमन सहरावत ने कुश्ती में दिलाया गोल्ड
पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग के खिताबी मुकाबले में अमन सहरावत का मुकाबला उत्तर कोरिया के दिग्गज पहलवान हांग चोंग सोंग से था। फाइनल मुकाबले में उत्तर कोरियाई रेसलर ने एक समय 7-6 की बढ़त बनाकर भारतीय खेमे की धड़कनें बढ़ा दी थीं।
हालांकि, पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत ने गजब का संयम और आक्रामक काउंटर-अटैकिंग तकनीक दिखाते हुए आखिरी पलों में पासा पलट दिया। उन्होंने लगातार अंक हासिल कर मुकाबला 11-7 से अपने नाम करते हुए एशियन गेम्स में अपना पहला गोल्ड मेडल जीता।
अमन सहरावत के लिए यह उपलब्धि बेहद खास है। 2023 के पिछले एशियाई खेलों में कांस्य जीतने वाले अमन ने इस बार अपने मेडल का रंग बदलकर स्वर्ण में तब्दील कर दिया है। इससे पहले सेमीफाइनल में भी उन्होंने ताजिकिस्तान के आयाल बेलोल्युब्स्की के खिलाफ पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 14-8 से जीत दर्ज की थी।
ये भी पढ़े-IND vs PAK: भारत को क्रिकेट में गोल्ड मेडल, जापान में फहराया स्वर्णिम परचम
भारतीय पुरुष हॉकी टीम का धमाका
कुश्ती के अलावा हॉकी के मैदान पर भी भारतीय खिलाड़ियों ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। पहला ऐतिहासिक रिकॉर्ड यह बना कि एशियन गेम्स के इतिहास में यह पहला मौका है जब एक ही एशियाई खेलों के संस्करण में भारत की पुरुष और महिला, दोनों टीमों ने हॉकी स्पर्धा का गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।
इससे पहले महिला हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। दूसरा बड़ा रिकॉर्ड यह दर्ज हुआ कि एशियन गेम्स के इतिहास में पहली बार भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने लगातार दो एशियन गेम्स (बैक-टू-बैक) में स्वर्ण पदक जीतने का कारनामा कर दिखाया है।
ये भी पढ़े-Asian Games 2026: लवलीना ने अपने बर्थडे पर देश को दिया तोहफा, एशियन गेम्स में जड़ा ‘गोल्डन पंच’





