
Asian Games 2026: भारतीय महिला टीम की धमाकेदार जीत, जापान को रौंदकर पहुंची सेमीफाइनल में
Asian Games 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने स्वर्ण पदक की रक्षा के अभियान की शानदार शुरुआत की है। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।
इस एकतरफा जीत के साथ ही हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने शान से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
श्री चरणी की फिरकी में उलझी जापानी टीम
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जापान की टीम ने सतर्क शुरुआत की और पावरप्ले में बिना कोई विकेट गंवाए 24 रन बनाए। हालांकि इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
युवा गेंदबाज श्री चरणी ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि शेफाली वर्मा को 2 सफलताएं मिलीं। जापानी टीम 19.5 ओवर में महज 57 रनों पर सिमट गई, जिसमें ओपनर आयका काटो स्टैफर्ड ने सर्वाधिक 25 रन बनाए।
शेफाली वर्मा का तूफान
जीत के लिए मिले 58 रनों के मामूली लक्ष्य को भारतीय टीम ने महज 5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। स्टार ओपनर शेफाली वर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 15 गेंदों में नाबाद 40 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 चौके और छक्के जड़े। उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। उनके साथ ऋचा घोष 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए श्री चरणी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ये भी पढ़े-लखनऊ में सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, पहली बार होगी वुमेन्स प्रीमियर लीग
बांग्लादेश से होगा सेमीफाइनल
जापान को करारी शिकस्त देने के बाद अब भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सामना 20 सितंबर को दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश से होगा। वहीं पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम अब अपने लगातार दूसरे एशियन गेम्स गोल्ड मेडल से महज दो कदम दूर है।
ये भी पढ़े-IND vs AFG: दिल्ली में आया अभिषेक शर्मा का तूफान, ध्वस्त हुए कई बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड्स…





