लियोनल मेसी रिकॉर्ड सातवीं बार बने बेलोन डी ओर के विजेता

LIONEL MESSI

पेरिस। अर्जेंटीना और पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) से खेलने वाले स्टार फुटबालर लियोनल मेसी बेलोन डी’ओर 2021 के विजेता बने।

उन्होंने सबसे ज्यादा बार (सातवीं) यह ट्रॉफी जीती। 34 साल के मेसी ने पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और बायर्न म्यूनिख के स्टार रॉबर्ट लेवानडॉस्की को पीछे छोड़ यह अवॉर्ड अपने नाम किया। 

इसी साल छोड़ा था बार्सिलोना का साथ

मेसी के लिए यह अवॉर्ड इस लिए भी खास है क्योंकि इसी साल उन्हें स्पैनिश क्लब बार्सिलोना को छोड़ना पड़ा था, जिससे वह पिछले 15 साल से जुड़े थे। इसके बाद वह फ्रेंच क्लब पेरिस सेंट जर्मेन पहुंचे।

मेसी ने 2019 में रिकॉर्ड छठी बार यह खिताब जीता था। 2020 में इस अवॉर्ड शो को कोरोना की वजह से रद्द कर दिया गया था। एक साल के अंतराल के बाद इस साल इसे फिर से शुरू किया गया।

क्या है बेलोन डी’ओर?

बेलोन डी’ओर अवॉर्ड फ्रांस की फुटबॉल पत्रिका ‘फ्रांस फुटबॉल’ द्वारा हर साल दिए जाते हैं। यह अवॉर्ड क्लब और राष्ट्रीय टीम से एक साल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है।

साल 1956 में पहली बार स्टेनली मैथ्यूज को यह पुरस्कार दिया गया था और तब से प्रत्येक वर्ष यह पुरस्कार दिया जाता है। 2018 से महिला फुटबॉलर्स को भी यह पुरस्कार देना शुरू किया गया। इस साल इसका 65वां संस्करण आयोजित किया गया। 

सबसे ज्यादा बार बेलोन डी’ओर जीतने वाले खिलाड़ी

लियोनल मेसी: 7

क्रिस्टियानो रोनाल्डो: 5

जोहान क्रायफ: 3

माइकल प्लातिनी: 3

मार्को वान बास्टन: 3

फ्रेंच बेकेनबाउर: 2

रोनाल्डो नाजारियो: 2

अल्फ्रेडो डी स्टेफनो: 2

केविन कीगन: 2

कार्ल हेन्ज: 2

मेसी ने 13 साल में जीता सातवां खिताब

पिछले 13 साल में मेसी ने 7 (2009, 2010, 2011, 2012, 2015, 2019 और 2021) और रोनाल्डो ने 5 बार (2008, 2013, 2014, 2016, 2017) यह अवॉर्ड अपने नाम किया।

Back to top button