CM Yogi का अफसरों को सख्त निर्देश, हर जरूरतमंद का बने आयुष्मान कार्ड

CM Yogi Janta Darshan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ में जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लगभग 150 लोगों से सीधे रूबरू हुए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे फरियादियों को भरोसा दिलाते हुए सीएम ने कहा कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर पात्र व्यक्ति का प्राथमिकता के आधार पर आयुष्मान कार्ड बनाया जाए ताकि किसी को भी इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।

विवेकाधीन कोष से भी मिलेगी मदद

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की शिकायतों का निस्तारण निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने के बाद भी यदि किसी मरीज के इलाज में अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता पड़ती है, तो सरकार उसके लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी।

सीएम ने अधिकारियों को हिदायत दी कि जमीनी स्तर पर हर पीड़ित को संतुष्टिप्रद समाधान मिलना चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़े-UP में किराए के मकान में रहते हैं तो पढ़ लें ये खबर, योगी सरकार ने बदले किरायेदारी के नियम

देवरिया के दिव्यांग की सुनी पुकार

जनता दर्शन में देवरिया जनपद से आए एक दिव्यांग फरियादी ने जब अपनी बीमारी और आर्थिक तंगी का जिक्र किया, तो मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को उसके समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बातचीत के दौरान जब पता चला कि उस व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है और उसकी दिव्यांग पेंशन भी रोक दी गई है, तो सीएम योगी ने अधिकारियों को तुरंत उसका आयुष्मान कार्ड जारी करने तथा रुकी हुई पेंशन को अविलंब बहाल कराने के कड़े निर्देश दिए।

ये भी पढ़े-अंसल एपीआई पर LDA का बड़ा शिकंजा, 2,747 प्लॉट की रजिस्ट्री होगी निरस्त?

लिया गोवंश के स्वास्थ्य का जायजा

जनता दर्शन से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत और आध्यात्मिक रही। प्रातःकाल उन्होंने शिवावतारी गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए और अपने ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की समाधि पर माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके उपरांत सीएम योगी मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने अपने हाथों से गोवंश को गुड़ खिलाकर स्नेह दुलार दिया। उन्होंने गोशाला के कार्यकर्ताओं से पशुओं के स्वास्थ्य, खान-पान और नियमित टीकाकरण अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और देखभाल के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

ये भी पढ़े- किसानों के मुद्दों को लेकर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से मिले भानु प्रताप, समाधान पर मंथन

Back to top button