देश का पर्यटन क्षेत्र फिर भरेगा उड़ान, केंद्र व राज्य सरकारों ने की तैयारी

नई दिल्ली। विविधता से भरे हमारे देश भारत में ऐतिहासिक, पुरातात्विक और धार्मिक पर्यटन स्थलों की कोई कमी नहीं है। पर्यटन की अपार संभावनाओं के चलते समूचे विश्व में भारत का विशेष स्थान है।

यही वजह है कि भारत आने वाले विदेशी सैलानियों की संख्या सालाना औसतन दो करोड़ है। कोरोना महामारी के खतरों के दौरान पूरे वर्ष पर्यटन को ही सबसे अधिक नुकसान हुआ है।

अब कोरोना का टीका आने के साथ ही लोगों में भरोसा और आत्‍मविश्‍वास लौटा है। पर्यटन क्षेत्र को दोबारा पटरी पर लाने के लिए केंद्र के साथ-साथ राज्यों ने अपने स्तर पर पहल शुरू की है।

पर्यटन मंत्रालय की ऑनलाइन पहल ‘देखो अपना देश’

केंद्र सरकार ने घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देखो अपना देश योजना शुरू की है। इसमें देशभर के पर्यटक स्थलों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दिखाया गया है।

फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टॉरेंट एसोसिएशन ने कर छूट की सिफारिश की ताकि घरेलू सैलानी आ सकें। आईआरसीटीसी फरवरी से भारत दर्शन टूरिस्ट ट्रेन, हवाई यात्रा पैकेज शुरू करेगी।

सांस्कृतिक धरोहर की दुनिया को झलक दिखाने के लिए सरकार अतुल्य भारत पर्व मना रही है। 26 से 31 जनवरी तक ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों को आयोजन किया जाएगा

यूपी में विलेज टूरिज्म

मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में एक पर्यटन स्थल विकसित होगा नए पर्यटन एवं तीर्थ स्थलों का विकास किया जा रहा है। गंगा में रोरो व क्रूज का संचालन की योजना है।

उत्तराखंड में 100 डेज इन हेवन

राज्य सरकार अपने पर्यटन शो ‘100 डेज इन हेवन’ को अमिताभ बच्चन के जरिए बढ़ावा देगी। राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन के बारे में प्रसार किया जाएगा।

महाराष्ट्र में जेल टूरिज्म

महाराष्ट्र सरकार 26 जनवरी से येरवदा जेल को आम लोगों के लिए खोलकर जेल टूरिज्म की शुरुआत करेगी।

इसके साथ ही युवाओं और छात्रों को ऐतिहासिक घटनाओं, इतिहास के बारे में रूबरू कराया जा सकेगा।

जम्मू में बाइक रैली से प्रचार

पर्यटन दिवस पर युवा बाइक रैली से राज्य की धार्मिक व ऐतिहासिक धरोहरों का प्रचार-प्रसार करेंगे। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने करगिल पहुंचकर एडवेंचर टूरिज्म के तहत स्की स्लोपिंग की शुरुआत की है।

Back to top button