
गाजियाबाद में मुठभेड़ के बाद 3 बदमाश गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली…
Encounter: गाजियाबाद के सिहानीगेट इलाके में पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन शातिर चोर-लुटेरों को दबोचा; भागने के दौरान दो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए
Ghaziabad: गाजियाबाद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिहानीगेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर चोर-लुटेरों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध देशी तमंचे, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शुरू की चेकिंग
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के अनुसार, 10/11 सितंबर 2026 की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फैक्ट्री एरिया में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। उनके पास अवैध हथियार होने की भी सूचना थी।
सूचना मिलने के बाद थाना सिहानीगेट पुलिस टीम ने मंगल पांडे मार्ग पर लोहियानगर सी-ब्लॉक कट के पास चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध पुलिस टीम को दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें…
त्योहारों पर नहीं होगी सफर में परेशानी! यूपी की 681 सड़कों को सुधारने के निर्देश
पुलिस को देखकर भागने लगे बदमाश
पुलिस ने बाइक सवार तीनों व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे पुलिस को देखकर भागने लगे। भागने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर सड़क पर गिर गई। पुलिस टीम ने मौके पर ही एक बदमाश को पकड़ लिया।
वहीं, दो अन्य बदमाश मौके से भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
यह भी पढ़ें…
‘पैसे दो या बेटी भेजो…’, रायबरेली में लेखपाल पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप
जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल
पुलिस के मुताबिक, अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों बदमाशों को गोली लगी और वे घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद हथियारों और मोटरसाइकिल के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें…





