
UGC NET दिसंबर परीक्षा का शेड्यूल जारी, 9.60 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
UGC NET December 2026 Exam: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC NET) दिसंबर 2026 सत्र का विषयवार परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, यह परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
छह दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में झारखंड सहित देशभर से 9.60 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि 19 और 20 दिसंबर को किसी प्रकार की परीक्षा निर्धारित नहीं की गई है।
दो पालियों में होगा आयोजन
एनटीए की ओर से यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा कुल 12 पालियों में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) माध्यम से कराई जाएगी। प्रत्येक निर्धारित दिन परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें पहली पाली सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक संचालित होगी।
अभ्यर्थियों को दो प्रश्न पत्र हल करने होंगे। पहले प्रश्न पत्र में शिक्षण और शोध योग्यता से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे, जबकि दूसरा प्रश्न पत्र अभ्यर्थी के चुने हुए विषय पर आधारित होगा। विषयों के अनुसार परीक्षा तिथि और पाली का विस्तृत कार्यक्रम एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है, ताकि उम्मीदवार अपने विषय के कोड और तिथि के अनुसार अंतिम तैयारी कर सकें।
परीक्षा केंद्र की जानकारी
एनटीए के निर्देशानुसार, परीक्षा के लिए सिटी इंटीमेशन स्लिप (City Intimation Slip) परीक्षा तिथि से 21 दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। इससे अन्य शहरों या दूरदराज के क्षेत्रों से परीक्षा केंद्र जाने वाले अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा शहर की जानकारी पहले से मिल सकेगी और वे यात्रा व आवास की व्यवस्था समय रहते कर सकेंगे।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे विषयवार समय सारिणी, सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड से जुड़े ताजा अपडेट के लिए नियमित रूप से एनटीए के आधिकारिक पोर्टल पर नजर बनाए रखें और परीक्षा केंद्र पर जाने से पूर्व सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।





