
अखिलेश होंगे UP के अगले मुख्यमंत्री: सुनील सिंह
UP Politics News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, किसानों की समस्याओं, गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी जैसे जनहित के गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
गठबंधन और सीटों पर बातचीत
बैठक के बाद लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें लोकदल के राजनीतिक सम्मान और हितों को पूरा ध्यान में रखने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि लोकदल हमेशा से किसानों और ग्रामीण इलाकों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहा है और आगे भी इसे मजबूती से जारी रखेगा। सीटों के बंटवारे पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लोकदल की 35 सीटों की मांग सहित अन्य विषयों पर बातचीत का दौर आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़े-श्री परमानंद हरिहर मंदिर में 19 सितंबर को होगा राधा अष्टमी हवन पूजन
इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर जोर
चौधरी सुनील सिंह ने स्पष्ट किया कि 2027 का चुनाव सिर्फ राज्य तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह देश की भविष्य की राजनीति की दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और लोकदल इंडिया (INDIA) गठबंधन के अहम हिस्से हैं और लोकतांत्रिक ताकतों का एकजुट होना बेहद जरूरी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार को सत्ता से हटाकर जनहित के मुद्दों को केंद्र में लाना ही गठबंधन का मुख्य उद्देश्य है।
ये भी पढ़े-न्यायाधीश ने कहा! आखिर हम किसकी देहरी पर मांगें न्याय?
अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प
लोकदल अध्यक्ष ने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों, गरीबों, युवाओं और आम नागरिकों के अधिकारों व हितों की रक्षा के लिए अखिलेश यादव का नेतृत्व आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गठबंधन में सम्मानजनक भागीदारी के साथ सभी दल मिलकर जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ेंगे।
ये भी पढ़े-लखनऊ में सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, पहली बार होगी वुमेन्स प्रीमियर लीग





