IIT, IIM से बनीं Ex IAS दिव्या मित्तल अब आईं राजनीति के मैदान में

Former IAS Divya Mittal: उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अब राजनीति में उतरने का ऐलान कर दिया है। संतकबीरनगर, मिर्जापुर और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकीं 2013 बैच की पूर्व अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर अपनी नई पारी की रूपरेखा साझा की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश ही उनकी ‘कर्मभूमि’ रहेगा और वह यहीं रहकर सीधे जनता के मुद्दों पर काम करेंगी। इसके साथ ही उन्होंने राजनीतिक विरोधियों और सत्ता पक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि वह किसी के दबाव में झुकने वाली नहीं हैं और निडर होकर जनता की लड़ाई लड़ेंगी।

अफवाहों का भी दिया जवाब

दिव्या मित्तल ने अपने बयान में साफ किया कि फिलहाल वह किसी भी राजनीतिक पार्टी में शामिल होने के बजाय सीधे जनता के बीच जाकर स्वतंत्र रूप से काम करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने जनता की समस्याओं को बहुत करीब से देखा है और अब वे लोगों के साथ मिलकर जनहित के मुद्दों को उठाना चाहती हैं।

इस्तीफे के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात और राजनीतिक अटकलों पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस्तीफे के तुरंत बाद उनके खिलाफ जानबूझकर भ्रामक खबरें फैलाई गईं ताकि कोई नया व्यक्ति सार्वजनिक जीवन में आने की हिम्मत न कर सके, लेकिन वे इन कोशिशों से डरने वाली नहीं हैं।

अब नई पारी की शुरुआत

मिर्जापुर में जल जीवन मिशन परियोजना के दौरान नल से जल पहुंचाने और जनहितैषी प्रशासनिक कार्यों से चर्चित हुईं दिव्या मित्तल की पृष्ठभूमि काफी प्रभावशाली रही है। लंदन में लाखों के पैकेज वाली कॉर्पोरेट जॉब छोड़कर भारत लौटने वाली दिव्या मित्तल ने 13 साल तक प्रशासनिक सेवाओं में अपनी भूमिका निभाई।

हाल ही में देवरिया डीएम पद से हटाकर राजस्व परिषद में सचिव बनाए जाने के बाद उन्होंने सेवा से त्यागपत्र दे दिया था। अब एक हेल्पलाइन और व्हाट्सएप नंबर जारी कर उन्होंने अध्यापकों, किसानों, छात्रों, वकीलों और युवाओं से जुड़ने की अपील की है ताकि उत्तर प्रदेश में सकारात्मक राजनीतिक बदलाव लाया जा सके।

Back to top button