
UP में 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप, ऐसे जुड़वाएं नाम
UP Voter List Camps: उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (Navdeep Rinwa) के निर्देशानुसार, प्रदेश के सभी जिलों में 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को विशेष मतदाता पंजीकरण कैंपों का आयोजन किया जाएगा।
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य छूटे हुए योग्य नागरिकों और विशेष तौर पर पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का सुनहरा अवसर देना है।
बूथों पर मिलेंगे बीएलओ
निर्वाचन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, 17 और 24 अक्टूबर को निर्धारित तिथियों पर सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक सभी मतदान केंद्रों (बूथों) पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा हर मतदान केंद्र पर एक विशेष हेल्प डेस्क स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि कैंप में आने वाले नागरिकों को फॉर्म भरने और अन्य जानकारी प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो।
कैंप के दौरान नए नाम जुड़वाने, सूची में दर्ज विवरण में संशोधन कराने या नाम हटवाने के लिए फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 उपलब्ध रहेंगे। जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या होने वाली है, वे युवा अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं।
ये भी पढ़े- UP बोर्ड 10वीं-12वीं परीक्षाओं का टाइम टेबल घोषित, जानें पूरा शेड्यूल
मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अपील
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या संशोधन कराने के लिए नागरिकों को आवेदन पत्र के साथ कुछ अहम दस्तावेज जमा करने होंगे। इसमें आवेदक की नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि का प्रमाण (जैसे जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या शैक्षिक प्रमाणपत्र) और पते का वैध दस्तावेज (जैसे बिजली का बिल, बैंक पासबुक या पासपोर्ट) होना अनिवार्य है।
ये भी पढ़े- Bihar: वैशाली नाव हादसे पर CM योगी ने जताया दुख, 13 मासूमों की मौत
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को इन कैंपों के व्यापक प्रचार-प्रसार और उनकी सख्त निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन आयोग ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इन विशेष कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, मतदाता सूची में अपने नाम की जांच करें और यदि नाम नहीं है तो समय रहते पंजीकरण जरूर करवाएं।
ये भी पढ़े-UP Weather: यूपी में मौसम लेगा यू-टर्न, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट





