
Indigo की जिस फ्लाइट पर गिरी बिजली उस पर सवार थे VHRP के गोपाल राय
IndiGo Flight: पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E925 बुधवार को आसमान में आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई, जिससे हवा में ही बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खराब मौसम के बीच करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान पर अचानक बिजली गिरी, जिससे विमान का अगला हिस्सा यानी नोज बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस विमान में 150 यात्रियों के साथ विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय भी सवार थे।
हवा में अचानक हुआ धमाका
मिली जानकारी के अनुसार, पटना एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाला यह विमान जब निर्धारित समय पर लखनऊ के पास पहुंचा, तो मौसम खराब होने के कारण आसमान में तेज चमक के साथ बिजली विमान के अगले हिस्से (Nose Radome) से टकराई।
फ्लाइट में सफर कर रहे विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अध्यक्ष गोपाल राय ने अपना खौफनाक अनुभव साझा करते हुए बताया कि अचानक हुई इस घटना से विमान के अंदर तेज आवाज गूंजी और जोरदार झटका लगा। आसमान में छाए अंधेरे और बिजली के कड़कने के उस पल ने सभी यात्रियों को दहशत में डाल दिया था।
पायलट ने बचाई सैकड़ों जिंदगियां
विमान के सकुशल जमीन पर उतरने के बाद विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अध्यक्ष गोपाल राय ने वीडियो जारी करते हुए विमान के पायलट और को-पायलट के साहस की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जब मौत सामने दिख रही थी और यात्रियों की सांसें थम चुकी थीं, तब इंडिगो के जांबाज पायलट ने अदम्य साहस दिखाते हुए सैकड़ों जिंदगियों को सुरक्षित बचा लिया।

इस विकट परिस्थिति में भी विमान के पायलट ने गजब की सूझबूझ और व्यावसायिक कौशल का परिचय दिया। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी और बिना घबराए विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया।विमान की सेफ लैंडिंग के बाद जब तकनीकी टीम ने जांच की, तो पता चला कि बिजली गिरने से विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था।
गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में विमान में सवार सभी 104 यात्रियों और क्रू मेंबर की जान पूरी तरह सुरक्षित बच गई। सुरक्षित धरती पर उतरने के बाद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली और भगवान का शुक्रिया अदा किया।





