नशे में धुत दरोगा ने युवक से की मारपीट, वर्दी में गाली-गलौज का VIDEO वायरल

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में खाकी वर्दी को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। नाका थाने में तैनात उपनिरीक्षक (दरोगा) गोपेश शर्मा पर शराब के नशे में धुत होकर एक युवक के साथ मारपीट करने, उसकी कार का शीशा तोड़ने और पैसे छीनने का गंभीर आरोप लगा है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पश्चिमी डीसीपी (DCP Western) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दरोगा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

नशे की हालत में घर पहुंचा दरोगा

जानकारी के अनुसार, दुबग्गा के बरावन कला निवासी राहुल गीतम टिफिन सर्विस का संचालन करते हैं। पीड़ित राहुल ने बताया कि दरोगा गोपेश शर्मा से उनकी पुरानी जान-पहचान थी। रविवार सुबह दरोगा अत्यधिक शराब के नशे में उनके घर पहुंचे और जबरन उन्हें अपने साथ कार में ले गए। कार में बैठते ही दरोगा ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

ईंट से तोड़ा कार का शीशा

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने कार रोककर लघुशंका के लिए नीचे कदम रखा, तभी नशे में धुत दरोगा ने गुस्से में आकर ईंट उठाकर कार के शीशे पर मार दी, जिससे कार का शीशा चकनाचूर हो गया। पीड़ित राहुल का यह भी आरोप है कि दरोगा ने उनके पास मौजूद 15,000 रुपये भी जबरन छीन लिए। पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।

वीडियो वायरल हुआ तो जागी पुलिस

घटना के तुरंत बाद पीड़ित युवक दरोगा को लेकर दुबग्गा थाने पहुंचा और मामले की लिखित शिकायत दी। हालांकि, शुरुआत में पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर मामला रफा-दफा करने का प्रयास किया। लेकिन जैसे ही दरोगा की इस गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पश्चिमी डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। दरोगा गोपेश शर्मा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। पूरे मामले की विभागीय जांच एसीपी चौक (ACP Chowk) को सौंपी गई है, जिसकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े- हरियाणवी हत्याकांड : UP-STF हुई कामयाब, मुठभेड़ में दो शूटर ढेर

Back to top button