
लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस में इंस्पेक्टर-चौकी प्रभारी सस्पेंड; शव घर पहुंचते ही मची चीख-पुकार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नौबस्ता ब्राह्मणी टोला में सोमवार को हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस (Lucknow Triple Murder Case) में मंगलवार को स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। पोस्टमार्टम हाउस से शव घर पहुंचने के बाद परिजनों और सैकड़ों स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित भीड़ ने मंसूर नगर चौराहे पर तीनों शवों को रखकर चक्काजाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए उसके मकान पर बुलडोजर चलाने और फांसी की सजा दिए जाने की मांग उठाई है।
मामूली विवाद में हुआ था नरसंहार
उल्लेखनीय है कि सआदतगंज के नौबस्ता ब्राह्मणी टोला में सोमवार सुबह कार पार्किंग और पेड़ के पास बने चबूतरे को लेकर पड़ोसियों के बीच पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। पूर्व मर्चेंट नेवी अफसर आरोपी ऋषभ शुक्ला ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी थी।
इस गोलीबारी में बिजली विभाग से सेवानिवृत्त व संघ के पूर्व पदाधिकारी शिवाजी तिवारी (62), उनके भाई शंभू तिवारी और शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी (30) की मौके पर ही मौत हो गई थी। सुयश की आगामी 5 दिसंबर को शादी तय हुई थी, जिससे पूरे परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
10 थानों की पुलिस बल मौके पर तैनात
मंगलवार को जब तीनों शव पोस्टमार्टम के बाद इलाके में पहुंचे, तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार करते हुए चौराहे पर जाम लगा दिया। परिजनों की स्पष्ट मांग है कि मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला और उसके परिवार के नामजद सदस्यों के अवैध निर्माण पर तुरंत बुलडोजर चलाया जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व मुआवजा दिया जाए।
स्थिति की संवेदनशीलता और इलाके में उपजे भारी जनआक्रोश को देखते हुए मंसूर नगर और आसपास के इलाकों में 10 से अधिक थानों की पुलिस, पीएसी (PAC) और त्वरित कार्य बल (RAF) के जवानों को तैनात किया गया है।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने तथा निष्पक्ष और कठोर कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देने में जुटे हुए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर पिस्टल जब्त कर ली है और प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़े- Lucknow में ट्रिपल मर्डर से सनसनी! चबूतरे के विवाद में उजड़ गया परिवार…





