
UP News: बच्चों से भरी स्कूल बस खेत में पलटी, ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर निकाले छात्र
Meerut Bus Accident: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। सरधना थाना क्षेत्र के अंतर्गत रोहटा ब्लॉक के चिंदौड़ी-अमानुल्लाहपुर मार्ग पर स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 6 फीट गहरे खेत में जा पलटी। हादसे के वक्त बस में कई स्कूली बच्चे सवार थे।
स्टेयरिंग फेल होने से अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के अनुसार, स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की बस बुधवार सुबह विभिन्न गांवों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। चिंदौड़ी गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार बस का अचानक स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद अनियंत्रित होकर बस सड़क से नीचे उतरी और 6 फीट गहरे खेत में जा गिरी।
बस के पलटते ही अंदर सवार छोटे-छोटे बच्चों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े।
ये भी पढ़े-लखनऊ में एथलेटिक्स का महाकुंभ, दौड़ से लेकर भाला फेंक तक खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
शीशे तोड़कर बच्चों को निकाला बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा बेहद भयावह था और बच्चे बस के भीतर बुरी तरह फंस गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाई और बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे रोते-बिलखते बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया। हालांकि, स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल के संचालक अजय गुप्ता ने ग्रामीणों के इन आरोपों का खंडन किया है। संचालक ने स्पष्ट किया कि चालक नशे में नहीं था, बल्कि तकनीकी खराबी के चलते बस का स्टेयरिंग फेल हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि हादसे में केवल दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और स्कूल प्रशासन सभी घायल बच्चों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगा।
ये भी पढ़े-महिला पहलवानों के मामले में कोर्ट सख्त, बृजभूषण सिंह को दिया ‘आखिरी मौका’
पुलिस और प्रशासन का एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही सरधना थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए चोटिल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और वाहन की तकनीकी जांच सहित पूरे मामले की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़े-गांव में लगातार छः महीने रहने वाले ही बनेंगे वोटर, योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला





