ना बिजली आएगी, ना बिल…बिहार में फ्री इलेक्ट्रिसिटी पर क्या बोल गए यूपी के ऊर्जा मंत्री?

UP politics: उत्तर प्रदेश  के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिहार में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली पर कहा है कि बिहार में ना बिजली आएगी और न बिल आएगा, ऐसे वहां बिजली फ्री हो गई। हम यूपी में बिजली दे रहे हैं।

UP politics: लंबे समय से बिजली की कटौती और ओवरलोडिंग की समस्या से जूझ रहे वृंदावनवासियों को अब राहत मिलने वाली है। शनिवार को उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने ‘पागल बाबा विद्युत उपकेंद्र’ का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक विद्युत उपकेंद्र 11 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से तैयार हुआ है और इसकी क्षमता 28 मेगावाट है, जो वृंदावन जैसे धार्मिक व जनसंख्या घनत्व वाले क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इसी बीच ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है।

न बिजली आएगा न बिल आएगा- एके शर्मा

यूपी सरकार में उर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा शनिवार को मथुरा पहुंचे। यहां वह मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान एक पत्रकार ने पूछा कि बिहार में बिजली फ्री होने की बात कही जा रही है क्या यूपी का नंबर आएगा? इस सवाल पर एके शर्मा ने कहा, “बिहार में फ्री है, लेकिन बिजली आएगी तब न फ्री होगी। बिजली आएगी ही नहीं तो फ्री ही कही जाएगी। न बिजली आएगा न बिल आएगा। बिजली फ्री हो गई। हम बिजली दे रहे हैं।”

नीतीश सरकार ने बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का किया ऐलान

दरअसल बिहार कैबिनेट ने राज्य भर के घरेलू उपभोक्ताओं को एक अगस्त से हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने के प्रस्ताव को शुक्रवार को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कैबिनेट ने ऊर्जा विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली।

वृंदावन में विद्युत उपकेंद्र’ का उद्घाटन

मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने इस अवसर पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आखिरकार वृंदावन को एक ऐसा बड़ा उपकेंद्र मिल गया जिसकी वर्षों से जरूरत थी। पहले यहां बिजली की समस्याएं बहुत अधिक थीं, लेकिन अब इस उपकेंद्र से गुणवत्तापूर्ण और निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। यह मेरे वर्षों के प्रयास का परिणाम है।

इस उपकेंद्र के चालू होने से वृंदावन शहर के विभिन्न हिस्सों में बिजली की लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग, ओवरलोडिंग जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी। साथ ही यहां के मठ-मंदिरों, धर्मशालाओं, स्कूलों, अस्पतालों और बाजार क्षेत्रों को भी निर्बाध बिजली मिल सकेगी। यह विकास न सिर्फ स्थानीय निवासियों के लिए लाभकारी होगा, बल्कि वृंदावन आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को भी बेहतर अनुभव देगा।

 

Back to top button