
UP News: महराजगंज से रिश्तों के कत्ल की खौफनाक कहानी, प्यार में कातिल बनी बीवी
UP Crime News: महराजगंज में प्यार में पागल बीवी ने प्रेमी के संग मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। पहले उसने पति को शराब पिलाई। फिर उसका गला दबा दिया।
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज से रिश्तों के कत्ल की खौफनाक कहानी सामने आई. यहां एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर जिस बेरहमी से पति को मौत के घाट उतारा, उसने लोगों को झकझोर रख दिया। ‘कातिल’ पत्नी ने पहले तो पति को शराब पिलाई, फिर खुद बीयर पी, और जब पति सो गया तो उसका गला घोंट दिया. इसके बाद बाइक पर शव को लादकर 25 किलोमीटर दूर एक सुनसान सड़क पर फेंक दिया। उधर, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या का कारण
आरोपित जितेंद्र ने बताया कि नागेश्वर उसकी दुकान पर काम करता था। उसने एक लड़की का नंबर दिया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। बाद में पता चला कि वह लड़की और कोई नहीं बल्कि नागेश्वर की पत्नी नेहा है। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन नागेश्वर आड़े आ रहा था। इसी वजह से दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
शराब पिलाई, चिकन खिलाया और फिर कर दी हत्या
नेहा ने प्रेमी के साथ साजिश रची और पति नागेश्वर को कमरे पर बुलाया। नेहा ने पति को चिकन खिलाने के साथ ही शराब पिलाई। फिर पति के बाद हाथ-पैर बांधकर प्रेमी के साथ उसका गला घोंट हत्या कर दी। परिवार और पुलिस को गुमराह करने के लिए नेहा ने पति की हत्या करने के बाद शव को नहलाया, फिर शव को दूसरे कपड़े पहनाकर प्रेमी के साथ बाइक से 25 किलोमीटर दूर निचलौल थाना क्षेत्र के सिंदुरिया निचलौल हाइवे पर लेकर पहुंची, जहां पर बाइक के साथ ही पति के शव को सड़क पर फेंक फरार हो गई.





