
“न शिव के, न राम-कृष्ण के सगे…”, CM योगी के ‘भैंस चराने’ वाले बयान पर भड़के अखिलेश यादव
UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए ‘सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते‘ वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा पलटवार किया है।
गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री की टिप्पणी को गोपालकों और भगवान श्रीकृष्ण का सीधा अपमान करार दिया है।
गोपालकों के अपमान का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि मंच से गोपालकों को अपशब्द कहकर मुख्यमंत्री ने प्रकारांतर से ‘गोपाल’ यानी भगवान श्रीकृष्ण का अपमान किया है, जो पूरी तरह से अक्षम्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल सनातन धर्म से अलग अपनी सत्ता स्थापित करने की कोशिश कर रहा है और इसी मानसिकता के तहत इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।

सपा प्रमुख ने वाराणसी में पाल समाज पर हुए लाठीचार्ज और राजमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के कथित अपमान का मुद्दा उठाते हुए लिखा कि ये लोग न भगवान शिव के सगे हैं, न भगवान राम के, न भगवान कृष्ण के और न ही देवी अहिल्याबाई के।
भाषा के स्तर पर उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री की भाषा शैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक संवैधानिक और सम्मानित पद पर आसीन व्यक्ति को सार्वजनिक मर्यादा और अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। अखिलेश यादव ने दावा किया कि सनातनी वस्त्र पहनकर इस तरह की भाषा का प्रयोग करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार का व्यवहार आम जनता, पत्रकारों, शिक्षकों और ईमानदार अधिकारियों के प्रति भी संवेदनशील नहीं रहा है।
चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा
आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 और 2026 के चुनावी नतीजों के बाद सत्ता पक्ष में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर हार की आशंका और हताशा साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि सरकार ने अपने कार्यकाल में ठोस उपलब्धियां हासिल की होतीं, तो वे दूसरों पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने के बजाय अपने विकास कार्यों की चर्चा करते।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का चुनाव अब मुट्ठी भर अहंकारियों बनाम प्रदेश की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) जनता के बीच लड़ा जाएगा।




