Duleep Trophy: वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी में उड़ाया गर्दा, लेकिन शतक से चूके…

Duleep Trophy 2026: भारतीय घरेलू क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल-1 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड पर सेंट्रल जोन के खिलाफ खेलते हुए 15 वर्षीय वैभव ने ईस्ट जोन की पहली पारी में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 81 गेंदों पर 92 रनों की विस्फोटक पारी खेली।

अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाते हुए 7 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के जड़े।

सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके

वैभव सूर्यवंशी के पास प्रथम श्रेणी (First-Class) क्रिकेट में दलीप ट्रॉफी इतिहास का सबसे युवा शतकवीर बनने का सुनहरा मौका था। फिलहाल यह रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है, जिन्होंने 17 साल और 262 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में शतक जमाया था।

हालांकि, 92 रन के निजी स्कोर पर स्पिनर हर्ष दुबे की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वैभव अरशद खान को कैच दे बैठे और मात्र 8 रन से ऐतिहासिक शतक बनाने से चूक गए।

वैभव की धमाकेदार वापसी

नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच की पहली पारी में वैभव बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके थे और केवल 8 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, उस मुकाबले में उन्होंने अपनी स्पिन गेंदबाजी से 2 विकेट चटकाए थे। लेकिन सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया।

40 के स्कोर पर जीवनदान मिलने के बाद उन्होंने स्पैल में आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 15वें ओवर में सारांश जैन की गेंद पर छक्का जड़कर अपनी पहली दलीप ट्रॉफी फिफ्टी पूरी की।

ये भी पढ़े-दीप्ति शर्मा के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ किया बड़ा कारनामा

रिंकू सिंह ने जड़ी फिफ्टी

इससे पहले, ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। सेंट्रल जोन की पहली पारी 266 रनों पर सिमट गई, जिसमें रिंकू सिंह ने 8 चौकों की मदद से 60 रनों का अहम योगदान दिया। आर्यन जुयाल ने 46 और यश ठाकुर ने नाबाद 30 रन बनाए।

ईस्ट जोन की ओर से तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि वापसी कर रहे मोहम्मद शमी और मोहम्मद कौनैन कुरैशी को 2-2 सफलताएं मिलीं।

ये भी पढ़े- IPL से हटेगा ये बवाली नियम? BCCI के नए फैसले से मची खलबली

Back to top button