
नीमच में छात्रों की मारपीट से भड़के ग्रामीण, चक्काजाम के बाद सात छात्र निष्कासित
MP News: मध्य प्रदेश के नीमच जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेवली में शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण हालात बन गए, जब छात्रों के बीच हुई मारपीट के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
गुरुवार को ग्राम झालरी के कुछ छात्रों ने विद्यालय में कक्षा 12वीं के छात्र राजेंद्र सिंह तंवर और कक्षा 9वीं के छात्र भवदीपसिंह तंवर के साथ मिलकर मारपीट की थी। इस घटना में राजेंद्र को गंभीर चोटें आईं और उनके सिर में टांके तक लगाने पड़े। परिजनों ने तत्काल विद्यालय प्रशासन और सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई न होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।
शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे और मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। जाम के चलते एंबुलेंस समेत भारी वाहन और टू-व्हीलर, फोर-व्हीलर करीब डेढ़ घंटे तक फंसे रहे। गुस्सा इतना बढ़ गया कि जाम से निकलने का प्रयास कर रहे एक युवक के साथ भी मारपीट कर दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
यह भी पढ़ें…
BJP नेता के बेटे ने लिखी खुद के ‘मौत’ की स्क्रिप्ट, करोड़ों के कर्ज से बचने के लिए रची साजिश
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार और अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद जाम हटवाया जा सका।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी और दोषी छात्रों को निष्कासित करने की मांग की। दबाव बढ़ने पर विद्यालय प्राचार्य ने अनुशासनहीनता के आधार पर कक्षा 11वीं के सात छात्रों को निष्कासित कर दिया। वहीं, शिक्षा अधिकारी सुजान मल मांगरिया ने बताया कि छात्रों के बीच विवाद की पुष्टि हुई है और अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें…
PM Modi धार से करेंगे ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ और राष्ट्रीय पोषण माह अभियान का शुभारंभ
ग्रामीणों ने प्राचार्य को भी निलंबित करने की मांग की। इस पर प्रशासन ने निर्णय लिया कि उन्हें उनके मूल स्थान पर वापस भेजा जाएगा। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद हालात सामान्य हुए, लेकिन गांव और विद्यालय परिसर में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें…





