
SSC Exam Protest: SSC परीक्षा में धांधली के विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन, हजारों छात्रों का गुनहगार कौन?
SSC Exam Protest: SSC परीक्षा के दौरान बाउंसरों की तैनाती, सर्वर फेलियर और परीक्षा स्थगन का आरोप लगाते हुए छात्रों ने दिल्ली के जंतर मंतर पर जोरदार प्रदर्शन किया, जवाबदेही की मांग की।
SSC Exam Protest: स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) परीक्षा में बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर राजधानी दिल्ली में गुरुवार को देश के अलग-अलग जगहों से पहुंचे छात्रों और शिक्षकों ने प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई छात्रों और शिक्षकों को हिरासत में भी लिया. इस धरना प्रदर्शन का कारण क्या है? आखिर क्यों छात्र प्रदर्शन करने दिल्ली की सड़कों पर उतरे? पुलिस ने लाठीचार्ज क्यों किया? छात्र और शिक्षकों को क्यों हिरासत में लिया गया?
कई जगहों पर बाउंसरों की तैनाती
छात्रों का आरोप है कि 24 जुलाई से शुरू हुई यह परीक्षा (जो 1 अगस्त तक चलेगी) न सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही का शिकार बनी, बल्कि कहीं कहीं तो परीक्षा केंद्रों पर जानवर तक मौजूद थे। कई जगहों पर बाउंसरों की तैनाती कर दी गई, जो छात्रों की आवाज दबाने के लिए लाए गए थे। एक शिक्षक ने बताया, “माउस नहीं चलता, सिस्टम हैंग हो जाता है। छात्र 500 किलोमीटर दूर सेंटर पर पहुंचते हैं और वहां पता चलता है कि परीक्षा रद्द हो गई।”
प्रदर्शन क्यों हो रहा है?
इस प्रदर्शन का मुख्य कारण SSC परीक्षा में हो रही अनियमितताएं हैं। छात्रों और शिक्षकों का कहना है कि SSC द्वारा परीक्षा केंद्रों का गलत आवंटन किया गया। कई छात्रों को उनके घर से दूर स्थित केंद्रों पर परीक्षा देने के लिए भेजा गया। इसके अलावा, परीक्षा के एडमिट कार्ड को भी समय पर जारी नहीं किया गया, जो छात्रों के लिए बड़ा मुद्दा था।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई छात्रों और शिक्षकों को हिरासत में लिया। पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें पुलिस कर्मी शिक्षकों का कॉलर पकड़ कर उन्हें ले जाते हुए नजर आए। बताया जा रहा है कि छात्रों का आरोप है कि उनके साथ पुलिस ने बहुत ही बदतमीजी से व्यवहार किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन था, लेकिन पुलिस ने उनकी आवाज को दबाने के लिए लाठीचार्ज किया।





