IND-W vs AUS-W: क्या टीम इंडिया पहुंचेगी सेमीफाइनल में? ऑस्ट्रेलिया मैच से पहले समझें पूरा गणित

Women’s T20 World Cup 2026: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के मैच से पहले समझें सेमीफाइनल का पूरा समीकरण। जानिए कैसे हरमनप्रीत कौर की टीम इंडिया कर सकती है क्वालिफाई।

Women’s T20 World Cup 2026: आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 (Women’s T20 World Cup 2026) अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर है। ग्रुप-ए से सेमीफाइनल की रेस बेहद दिलचस्प हो चुकी है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने अब तक 4 में से 3 मैच जीतकर खुद को मजबूत स्थिति में तो रखा है, लेकिन सेमीफाइनल का टिकट अभी पक्का नहीं हुआ है।

28 जून को लॉर्ड्स के मैदान पर होने वाले मुकाबले भारत का भविष्य तय करेंगे। आइए समझते हैं कि सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए टीम इंडिया को क्या करना होगा।

ग्रुप-ए का मौजूदा हाल

फिलहाल ऑस्ट्रेलियाई टीम 4 मैचों में 4 जीत और +4.724 के नेट रनरेट (NRR) के साथ शीर्ष पर है। वहीं, भारतीय टीम 6 अंकों और +2.268 के नेट रनरेट के साथ दूसरे स्थान पर है। साउथ अफ्रीका की टीम भी रेस में बनी हुई है, जिससे दूसरे स्थान के लिए भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कड़ी टक्कर है।

सेमीफाइनल का पूरा समीकरण (India Qualification Scenarios)

  • पहला और सीधा रास्ता (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत): अगर टीम इंडिया रविवार को ऑस्ट्रेलिया को हरा देती है, तो उसके 8 अंक हो जाएंगे। इसके बाद यदि साउथ अफ्रीका बांग्लादेश से हार जाता है, तो भारत सीधे क्वालिफाई कर लेगा। वहीं, अगर साउथ अफ्रीका भी जीत जाता है, तो फैसला नेट रनरेट के आधार पर होगा (जहां भारत अच्छी स्थिति में है)।

  • अगर ऑस्ट्रेलिया से हार गए तो?: हार की सूरत में भारत 6 अंकों पर ही अटका रहेगा। ऐसी स्थिति में टीम इंडिया को दुआ करनी होगी कि बांग्लादेश की टीम साउथ अफ्रीका को हरा दे। इसके बाद मामला फिर नेट रनरेट पर आएगा। लेकिन अगर साउथ अफ्रीका जीत गया, तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।

  • क्या होगा अगर बारिश विलेन बनी?: इंग्लैंड के मौसम को देखते हुए अगर भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच बारिश के कारण रद्द होता है, तो भारत को 1 अंक मिलेगा (कुल 7 अंक)। इस स्थिति में भी सेमीफाइनल में जाने के लिए भारत को बांग्लादेश की जीत पर निर्भर रहना होगा।

भारतीय टीम का नेट रनरेट (+2.268) साउथ अफ्रीका से बेहतर है, जो उसके लिए सबसे बड़ा प्लस पॉइंट है। हालांकि, हरमन ब्रिगेड किसी गणित पर निर्भर रहने के बजाय ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराकर सीधे तौर पर सेमीफाइनल का टिकट कटाना चाहेगी।

Back to top button