रेस्टोरेंट जाना भूल जाएंगे इस लहसुनी पालक को खाकर, यहाँ जानिए रेसिपी

सर्दियों में हर तरह की साग आपको बाजार में प्रचुर मात्र में मिलेगी लेकिन अधिक्टर लोगों की पसंदीदा साग की सब्जी होती है पालक।

खाने में स्वादिष्ट पालक की साग में आपको सेहतमंद बनाने के कई गुण होते हैं। इसे आप अलग-अलग तरीके से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

ज्यादातर घरों में सब्जी में पालक पनीर, पालक के पकौड़े, पालक राइस जैसी चीजों को बनाया जाता है।

आज हम आपको बताएंगे लहसुनी पालक की रेसिपी। खास बात है कि इसे आप अपने घर पर किसी खास मौके पर भी बना सकते हैं।

घी के तड़के के साथ बनने वाली ये लहसुनी पालक रोटी, चावल या फिर पराठे के साथ खाया जा  सकता है।

लहसुनी पालक बनाने की सामग्री

  • अदरक
  • लहसुन
  • हरी मिर्च
  • धनिया पाउडर
  • लाल मिर्च पाउडर
  • पालक
  • प्याज
  • नमक-स्वादानुसार
  • हल्दी पाउडर
  • दही
  • जीरा
  • घी
  • तेल
  • गरम मसाला
  • साबूत लाल मिर्च

बनाने की विधि

  1. सबसे पहले पालक को अच्छी तरह धो लें और उसे एक बड़े बर्तन में हल्का उबाल लें। जब यह उबल जाए तो इसे तुरंत ठंडे पानी के बर्तन में ट्रांसफर कर दें, ताकि कलर न जाए।
  2. अब उबले हुए आधे पालक को मिक्सर में अच्छी तरह पीस कर पेस्ट तैयार कर लें और आधे पालक को बारीक काटकर एक साइड रख दें।
  3. अब गैस पर कढ़ाई चढाएं और उसमें तीन से चार चम्मच तेल डाल दें। हल्का गर्म होने पर जीरा भूने, पीसा हुआ अदरक और 10 से 12 लहसुन की कलियां बारीक काटकर डाल दें।
  4. फिर इसमें बारीक कटा हुआ एक बड़ा प्याज डाल दें। इसके बाद इसमें हरी मिर्च जरूरत के अनुसार डालकर अच्छी तरह चलाएं। एक मिनट बाद इसमें धनिया पाउडर और हल्दी पाउडर डाल दें।
  5. अब इसमें बारीक कटा हुआ पालक डाल दें। इसे अच्छी तरह चलाएं और उसके बाद पालक के पेस्ट को भी इसमें डाल दें।
  6. अब इसे 2 मिनट तक पकाएं, फिर थोड़ी देर बाद इसमें स्वादानुसार नमक, तीन से चार चम्मच दही डाल दें और एक चम्मच गरम मसाला। इस दौरान इसे अच्छी तरह चलाते रहें।
  7. इसके बाद इसमें एक कप पानी डालकर इसे ढक दें और करीबन 6 से 7 मिनट के लिए छोड़ दें। बीच-बीच में इसे चलाते रहें ताकी यह कढ़ाई में न चिपके।
  8. समय पूरा होने पर एक बार चेक कर लें क्या सब्जी पक गई है या नहीं। पक जाने के बाद इसे गैस से उतार दें और छौंका लगाने के लिए कलछुल रख दें।
  9. अब इसमें दो चम्मच घी डालें, दो कश्मीरी मिर्च, आधा चम्मच जीरा और 10 से 12 लहसुन की कलियां डालकर अच्छी तरह भुन लें।
  10. अब इससे सब्जी में छौंका लगा दें और इस तरह लहसुनी पालक बनकर तैयार हो जाएगा।
Back to top button