ODI WC 2027: रोहित-विराट के भविष्य पर भड़के युवराज सिंह, BCCI को सुनाई खरी-खरी

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार ऑलराउंडर और 2011 विश्व कप के हीरो युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), चयनकर्ताओं और मुख्य कोच गौतम गंभीर को आड़े हाथों लिया है। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के संन्यास को लेकर उठी अफवाहों और विराट कोहली (Virat Kohli) के वनडे भविष्य पर जारी अनिश्चितता पर युवराज ने बेहद सख्त रुख अपनाया है।

युवराज सिंह ने चयनकर्ताओं से कहा है कि रोहित और विराट जैसे दिग्गजों के साथ किसी भी तरह की अनिश्चितता नहीं होनी चाहिए। उन्हें सीधा और स्पष्ट संदेश दिया जाना चाहिए कि वे 2027 वनडे वर्ल्ड कप का हिस्सा हैं या नहीं।

विश्वकप से पहले युवराज की दो टूक

जियोस्टार (JioStar) पर बातचीत के दौरान युवराज सिंह काफी भावुक और गंभीर नजर आए। उन्होंने कहा “मैं खुद उस दौर से गुजर चुका हूं, जहां आज रोहित और विराट खड़े हैं। उस समय मेरे पास भी स्पष्टता (Clarity) नहीं थी और मुझे लगता है कि इतने सालों तक देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी के साथ ऐसा होना सही नहीं था। इसीलिए मैं कह रहा हूं कि अगर आप उन्हें 2027 का वर्ल्ड कप खिलाना चाहते हैं, तो अभी उनके कंधे पर हाथ रखकर कहिए ‘हम आपके साथ हैं, बिना किसी दबाव के अपना स्वाभाविक खेल खेलें’।”

युवराज ने आगे कहा, “अगर दोनों आपकी योजनाओं (Plans) का हिस्सा नहीं हैं, तो भी उनके मुंह पर साफ-साफ बोल दीजिए। यह कड़वा फैसला हो सकता है और बाहर से देखने में खराब लग सकता है, लेकिन खिलाड़ी आपके मुंह पर सच बोलने की कद्र करेगा।”

ये भी पढ़े- Rohit Sharma Century: रोहित शर्मा ने शतक से आलोचकों को दिया करारा जवाब, लॉर्ड्स में रचा नया इतिहास

यशस्वी जायसवाल को लेकर जताई चिंता

रोहित और विराट के अलावा युवराज सिंह ने युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (Yashsvi Jaiswal) को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। युवराज ने कहा, “मेरी चिंता यह है कि जायसवाल बेंच पर बैठे हैं। अगर वर्ल्ड कप से पहले उन्हें मैच खेलने का पर्याप्त समय नहीं मिला, तो सीधे बड़े टूर्नामेंट में उन पर भारी दबाव आ जाएगा। 2019 विश्व कप में भी हमने यही गलती की थी, जहां बिना अनुभव के युवाओं को अचानक उतारना पड़ा था।”

रोहित के शतक के बाद थमा विवाद

लॉर्ड्स वनडे में 39 वर्षीय रोहित शर्मा ने शानदार 138 रनों (110 गेंद) की शतकीय पारी खेलकर अपने तमाम आलोचकों का मुंह तो बंद कर दिया, लेकिन भारत यह मैच 27 रनों से हारकर सीरीज 1-2 से गंवा बैठा। युवराज सिंह के इस बयान के बाद अब सबकी नजरें बीसीसीआई और चयनकर्ताओं के अगले कदम पर टिकी हैं।

ये भी पढ़े- रोहित शर्मा के संन्यास के अटकलो से भड़का BCCI, चयनकर्ताओं को दी सख्त हिदायत

Back to top button