लखनऊ को “स्मार्ट सिटी” कैसे बनाया जा सकता है?

राजधानी में स्मार्ट सिटी के दावे फुस्स

राजवंश रेजीडेंसी के बाहर वर्षों से जाम नाली, सड़क पर बह रहा गंदा पानी 

लखनऊ। राजधानी लखनऊ को स्मार्ट सिटी बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इसका एक प्रमुख उदाहरण शहीद पथ के निकट स्थित राजवंश रेजीडेंसी अपार्टमेंट के बाहर की नाली है, जो वर्षों से सफाई के अभाव में पूरी तरह जाम पड़ी है।

नाली के जाम होने के कारण उसका गंदा पानी पूरे वर्ष सड़क पर फैला रहता है, जिससे स्थानीय निवासियों, राहगीरों एवं स्कूली बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण क्षेत्र में दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

राजवंश रेजीडेंसी के निवासियों द्वारा इस समस्या के संबंध में नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित एवं ऑनलाइन शिकायतें भेजी जा चुकी हैं, किंतु आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार समस्या का मुख्य कारण नाली पर किया गया अतिक्रमण है, जिसके कारण सफाई कार्य प्रभावी रूप से नहीं हो पा रहा है और जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।

निवासियों का कहना है कि यदि नगर निगम द्वारा समय रहते नाली की समुचित सफाई कराई जाए तथा नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाया जाए तो इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की उदासीनता के कारण हजारों नागरिक प्रतिदिन परेशानी झेलने को मजबूर हैं।क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन, जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए नाली की सफाई, अतिक्रमण हटाने एवं जल निकासी व्यवस्था को सुचारु करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।

 

Back to top button