
दिल्ली धमाके में यूपी के 5 लोगों की मौत… इन जिलों में पसरा मातम
Delhi Red Fort blast: देश की राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए भीषण धमाके ने पूरे उत्तर भारत को दहला दिया है। इस धमाके में कई लोगों की मौत हो गई, जिनमें पांच उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। अमरोहा, मेरठ, शामली और श्रावस्ती जिलों में इस हादसे की खबर के बाद से मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अमरोहा के दो दोस्तों की मौत
अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र के रहरा अड्डे निवासी 52 वर्षीय लोकेश अग्रवाल और उनके दोस्त अशोक कुमार की धमाके में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, लोकेश अपने बीमार रिश्तेदार को देखने के लिए दिल्ली अस्पताल गए थे। वहीं, उन्होंने अपने दोस्त अशोक को फोन कर मेट्रो स्टेशन पर बुलाया। इसी दौरान लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय दोनों ने दम तोड़ दिया।
मेरठ के मोहसिन भी धमाके के शिकार
मेरठ के लोहिया नगर, न्यू इस्लामनगर निवासी मोहसिन की भी इस धमाके में दर्दनाक मौत हो गई। मोहसिन 12 साल पहले शादीशुदा थे और दो साल पहले परिवार के साथ मेरठ से दिल्ली शिफ्ट हुए थे। परिजनों के मुताबिक, मोहसिन रोज़ की तरह काम पर गए थे, लेकिन शाम तक जब उनका फोन नहीं लगा तो चिंता बढ़ी। बाद में खबर आई कि वे लाल किला ब्लास्ट में मारे गए हैं।
शामली के नोमान की भी हुई मौत
शामली जिले के झिंझाना कस्बे के रहने वाले नोमान भी इस हादसे में अपनी जान गंवा बैठे। परिजनों को जैसे ही यह खबर मिली, पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। परिजन दिल्ली रवाना हो गए हैं ताकि शव को घर लाया जा सके।
यह भी पढ़ें…
Sahara City की जमीन पर बनेगा नया विधान भवन? LDA ने रिपोर्ट शासन को सौंपी
श्रावस्ती के दिनेश की मौत से बेसहारा हुआ परिवार
श्रावस्ती जिले के गनेशपुर गांव के 32 वर्षीय दिनेश कुमार की भी धमाके में मौत हो गई। दिनेश दिल्ली में एक प्रिंटिंग प्रेस में नौकरी करते थे। वह दिवाली मनाने कुछ दिन पहले ही घर आए थे और लगभग 10 दिन पहले वापस दिल्ली लौटे थे। सोमवार शाम हुए धमाके ने उनके परिवार की खुशियां छीन लीं।
दिनेश के घर पर मातम का माहौल है। उनकी पत्नी रीना देवी ने बताया कि दिनेश मेहनती और जिम्मेदार इंसान थे। उनके तीन छोटे बच्चे — हिमांशु (8), बिट्टा (7) और सृष्टि (4) — अब पिता की छाया से वंचित हो गए हैं। रीना देवी ने कहा, “वो घर से बस कुछ दिन पहले गए थे, अब हमेशा के लिए चले गए।”
TV से मिली हादसे की खबर
दिनेश के पिता भूरे ने बताया कि उन्हें सबसे पहले टीवी से दिल्ली धमाके की जानकारी मिली। जब उन्होंने बेटों को फोन किया तो दिनेश का मोबाइल बंद मिला। कुछ देर बाद पता चला कि दिनेश भी विस्फोट में मारे गए हैं।
इस हादसे ने न सिर्फ दिल्ली, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को शोक में डूबो दिया है। राज्य सरकार ने दिल्ली पुलिस और केंद्र से मृतकों की पूरी जानकारी मांगी है और परिवारों को हरसंभव सहायता देने की घोषणा की है।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ की संदिग्ध लेडी डॉक्टर अरेस्ट; मिला AK-47 राइफल और कई मैगजीन? हाई अलर्ट पर राजधानी
स्थानीय प्रशासन ने जताया शोक
अमरोहा, मेरठ, शामली और श्रावस्ती के जिला अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों से संपर्क कर संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन ने कहा कि दिल्ली से शव आने के बाद अंतिम संस्कार की पूरी व्यवस्था की जाएगी।
घटना के बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और दिल्ली पुलिस ने धमाके की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि विस्फोटक एक मोटरसाइकिल में रखा गया था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें…





