मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से सेवा पखवाड़ा 2025 का किया शुभारंभ

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर लखनऊ से सेवा पखवाड़ा 2025 का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें समाज को जोड़ने वाले विविध रचनात्मक कार्य शामिल होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को न केवल भारत का बल्कि दुनिया के सबसे दूरदर्शी और लोकप्रिय नेता करार देते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत का दर्शन कर रही है।

11 वर्षों की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने पिछले 11 वर्षों में भारत द्वारा हर क्षेत्र में हासिल की गई सफलताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था, विरासत, इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि विकास, जल संसाधन जैसे सभी क्षेत्रों में नए प्रतिमान स्थापित हुए हैं। विशेष रूप से उन्होंने कहा कि ग्रामीण और कमजोर वर्गों को प्राथमिकता देने के कारण पिछले 11 वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ पाए हैं।

धार्मिक और सांस्कृतिक विकास
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भव्य रामलला मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्निर्माण, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम का कायाकल्प और महाकाल लोक का निर्माण नए भारत की पहचान बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों की स्मृतियों से जुड़े अनेक रचनात्मक कार्य किए गए हैं।

कोविड प्रबंधन में भारत का वैश्विक उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कोविड महामारी के समय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का उल्लेख किया। भारत ने मात्र 9 महीनों में कोविड वैक्सीन विकसित की और न केवल देशवासियों को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराई बल्कि दुनिया के कई मित्र देशों को भी फ्री में वितरित की।

यह भी पढ़ें…

मुरादाबाद में ‘ऑपरेशन गोकशी क्लीन’ के तहत मुठभेड़, चार घायल और एक गिरफ्तार

स्वास्थ्य और पोषण पर अभियान
सेवा पखवाड़ा का पहला चरण “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” है। इसके तहत महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा हर जिले में रक्तदान शिविर आयोजित कर रहा है। स्वास्थ्य और वेलनेस केंद्र, पीएचसी, सीएचसी, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

विकसित भारत 2047 का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश—ये सभी आपस में जुड़े हुए लक्ष्य हैं। 19 और 20 सितंबर को प्रदेशभर में प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सभी जनप्रतिनिधि, मंत्री, सांसद और विधायक हिस्सा लेंगे।

यह भी पढ़ें…

रफ्तार बनी काल; बेकाबू कार ने सड़क किनारे लोगों को कुचला, 3 की मौत, 1 गंभीर

युवाओं के लिए ‘नमो मैराथन’
21 सितंबर को उत्तर प्रदेश के 17 बड़े नगरों में ‘नमो मैराथन’ का आयोजन होगा, जिसमें हजारों युवा हिस्सा लेंगे। यह आयोजन फिट इंडिया मूवमेंट और विकसित भारत अभियान को मजबूती देगा।

अंत्योदय से गांधी-शास्त्री जयंती तक
25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खादी वस्त्र का प्रचार-प्रसार और पीएम के “वोकल फॉर लोकल” अभियान को भी बल मिलेगा।

यह भी पढ़ें…

इंडियन बैंक में दिवंगत युवाओं को 2 मिनट का मौन, अधिकारियों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में पीएम मोदी के बाल्यकाल से प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा को दर्शाया गया है। यह प्रदर्शनी प्रत्येक जनपद में आयोजित की जा रही है और अगले 15 दिनों तक जनता इसे देख सकती है।

इस अवसर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना समेत अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें…

Lucknow News: लगातार बारिश से 150 साल पुराना पेड़ गिरा, 1 की मौत; कई घायल…

Back to top button