लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर लाखों की फेंसिंग चोरी, कई किलोमीटर कंटीले तार गायब

UP News: लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बेसहारा गोवंशियों और अन्य राहगीरों को अनाधिकृत रूप से चढ़ने या उतरने से रोकने के उद्देश्य से लगाई गई लाखों रुपये मूल्य की कंटीली तारों की फेंसिंग अब सुरक्षा के बजाय चिंता का कारण बन गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के चलते कई किलोमीटर तक लगाए गए कंटीले तार पूरी तरह गायब हो गए हैं।

चोरों ने बीच-बीच में लंबी दूरी तक लगे मजबूत तारों को रातों-रात काटकर चुरा लिया। मामले में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

10 फीट ऊंची फेंसिंग भी नहीं बच पाई चोरी से
एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड किनारे सुरक्षा के तौर पर 10 फीट ऊंची लोहे के कंटीले तारों की फेंसिंग और सात फीट ऊंची मजबूत लोहे की जाली लगाई गई थी। इसका उद्देश्य था कि न तो मवेशी और न ही कोई व्यक्ति बीच से चढ़कर एक्सप्रेस-वे पर आ सके।

लेकिन जांच में सामने आया कि कई स्थानों पर यह सुरक्षा घेरा पूरी तरह टूट चुका है। नसीरपुर क्षेत्र में करीब 70 प्रतिशत तार चोरी पाए गए। जहां-जहां फेंसिंग गायब है, वहां से मवेशियों और लोगों के सीधे एक्सप्रेस-वे तक पहुँचने का रास्ता खुल गया है, जिससे बड़े सड़क हादसों की आशंका बढ़ गई है।

37 किलोमीटर से आगे तक कई गांवों के पास गायब मिली फेंसिंग
दैनिक जागरण की पड़ताल में मटसेना से कठफोरी तक लगभग 37 किलोमीटर से 72.300 किलोमीटर तक के हिस्से में कई गांवों के पास लगे कंटीले तार पूरी तरह चोरी मिले। अब उन स्थानों पर केवल खाली खंभे खड़े हैं, जो कभी फेंसिंग होने का संकेत मात्र देते हैं।

स्थानीय किसानों और ग्रामीणों ने बताया कि तार धीरे-धीरे चोरी किए गए। शुरुआत में कुछ मीटर तार गायब होते थे, बाद में चोर बड़े पैमाने पर पूरा हिस्सा ही काट ले गए। इसके बावजूद अधिकांश थानों में इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई थी।

यह भी पढ़ें…

UP News: कानपुर में हाईस्कूल टापर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पुलिस मान रही पढ़ाई का प्रेशर

तीन थानों की सीमा में फैला है एक्सप्रेस-वे, हर जगह चोरी की घटना
लखनऊ एक्सप्रेस-वे जिले के तीन थानों से होकर गुजरता है। जांच में यह भी सामने आया कि तीनों थानों के क्षेत्रों में फेंसिंग चोरी की घटनाएँ हुई हैं। चोरों ने सुनसान क्षेत्रों का फायदा उठाकर तारों को काटकर ले जाने का काम किया।

अब लगे हैं केवल खाली खंभे, सुरक्षा व्यवस्था अस्त-व्यस्त
चोरी के चलते कई स्थानों पर अब केवल फेंसिंग के खंभे खड़े नजर आते हैं। फेंसिंग की अनुपस्थिति से एक्सप्रेस-वे पर बेसहारा गोवंशी और ग्रामीणों के पहुँचने का खतरा बढ़ गया है, जो गंभीर दुर्घटनाओं को निमंत्रण दे सकता है।

यह भी पढ़ें…

UP के ‘मेडिसिन मैन’ का बड़ा कदम… मेगा हेल्थ कैंप में 1500+ मरीजों को मिला निःशुल्क इलाज

प्राथमिकी दर्ज, नए तार लगाने की तैयारी
मुख्य सुरक्षा अधिकारी आर.एन. सिंह ने बताया कि तार चोरी की घटना सामने आने के बाद संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
उन्होंने कहा कि फेंसिंग को दोबारा लगाने के लिए लखनऊ मुख्यालय से संपर्क किया गया है। जैसे ही आदेश प्राप्त होगा, नए कंटीले तार लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें…

Lucknow News: गोमतीनगर में दीवार से सटी मिली महिला की लाश, जांच में जुटी पुलिस

Back to top button