FIH Pro League: भारत ने पाकिस्तान को फिर धोया, तीन दिन में दूसरी बार हराया

FIH Pro League Hockey में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त दी। जानिए मैच के मुख्य आकर्षण और भारत के अगले मुकाबले की पूरी डिटेल।

FIH Pro League Hockey IND vs PAK: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग (FIH Pro League) में दबदबा कायम रखते हुए शुक्रवार को पाकिस्तान को 7-1 के बड़े अंतर से हरा दिया। लंदन में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम शुरुआत में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और पाकिस्तानी डिफेंस के परखच्चे उड़ा दिए। इस धमाकेदार जीत के साथ ही भारत ने अंक तालिका में स्पेन को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बना ली है। अब भारतीय टीम का अगला और आखिरी मुकाबला रविवार को मेजबान इंग्लैंड से होगा। दो दिन पहले ही भारत ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 4-3 से हराया था।

शुरुआती झटके के बाद भारत की जोरदार वापसी

मैच की शुरुआत भारत के लिए कुछ खास नहीं रही। 13वें मिनट में पाकिस्तान के अबू महमूद ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी थी। हालांकि, इसके बाद टीम इंडिया ने खेल की रफ्तार बदली और पाकिस्तानी टीम को मैच में टिकने का कोई मौका नहीं दिया।

दूसरे क्वार्टर के 20वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के फ्लिक को सुखजीत सिंह ने बड़ी चतुराई से डिफ्लेक्ट कर भारत को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके ठीक 6 मिनट बाद (26वें मिनट में) हरमनप्रीत सिंह ने खुद पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

ये भी पढ़े-IND vs IRE: आयरलैंड ने पहली बार वर्ल्ड चैंपियन को हराया, अंतिम 3 गेंद में पलटी बाजी

दूसरे हाफ में भारत का टोटल डॉमिनेशन

हाफ-टाइम के बाद भारतीय टीम पूरी तरह हावी दिखी। तीसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में भारत को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे उप-कप्तान हार्दिक सिंह ने बिना कोई गलती किए गोल में बदल दिया और स्कोर 3-1 हो गया। इसके बाद पाकिस्तानी टीम ने काउंटर अटैक की कोशिश की और लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

भारतीय टीम ने यहीं से एक बेहतरीन काउंटर-अटैक बुना, जिसके अंत में जुगराज सिंह ने गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया। इसके बाद 41वें मिनट में सुखजीत के पास पर अभिषेक ने शानदार रिवर्स हिट के जरिए भारत के लिए पांचवां गोल दागा। तीसरे क्वार्टर के खत्म होने से ठीक पहले (44वें मिनट में) राजकुमार पाल ने रीबाउंड पर गोल कर भारत की बढ़त को 6-1 कर दिया।

ये भी पढ़े-IND vs IRE: भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, वैभव सूर्यवंशी को करना होगा इंतजार

दिलप्रीत ने लगाया जीत पर चौका

चौथे और आखिरी क्वार्टर में भी भारत का अटैक थमा नहीं। 54वें मिनट में मनदीप सिंह के बेहतरीन पास को नियंत्रित करते हुए दिलप्रीत सिंह ने गेंद को नेट में डाल दिया और भारत को 7-1 की अजेय बढ़त दिला दी। पाकिस्तान को अंत में कुछ पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वे भारतीय गोलकीपर और डिफेंस लाइन को भेदने में पूरी तरह नाकाम रहे।

ये भी पढ़े-बनारस में हुई क्रिकेटर आकाशदीप की ‘शाही शादी’, पवन सिंह भी पहुंचे देने बधाई

भारतीय टीम का अगला मुकाबला रविवार, 28 जून को इंग्लैंड के खिलाफ होगा। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा था, जिसके बाद भारत को शूटआउट में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में टीम इंडिया इस आखिरी मैच को जीतकर टूर्नामेंट का अंत शानदार तरीके से करना चाहेगी।

ये भी पढ़े-हार्दिक पांड्या को KKR का बड़ा ऑफर! MI छोड़ने की खबरों से IPL में मची सनसनी

Back to top button