
दूसरी शादी के शक में मां का खौफनाक कदम… तीन बच्चों संग खाया जहर
UP News: उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में पति की दूसरी शादी के शक और लंबे समय से मायके में रहने से परेशान एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। इस हृदयविदारक घटना में महिला और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का उपचार मंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात की है। परसौना गांव निवासी धर्मेंद्र धईकार रोजगार के सिलसिले में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में रहता है। उसकी पत्नी कुसुम अपने तीन बच्चों—12 वर्षीय मधु, 10 वर्षीय राधिका और 8 वर्षीय सत्या—के साथ संतनगर क्षेत्र के शीतलगढ़ स्थित अपने मायके में रह रही थी।
पति पर दूसरी शादी का था शक
परिजनों के मुताबिक, कुसुम काफी समय से चाहती थी कि उसका पति उसे और बच्चों को अपने साथ शिकोहाबाद ले जाए। लेकिन ऐसा नहीं होने पर उसे शक होने लगा कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है या करने की तैयारी में है। इसी बात को लेकर वह मानसिक तनाव में रहती थी। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के बीच उसने सोमवार रात अपने तीनों बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया।
हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
जहर खाने के बाद महिला और बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने सभी को तत्काल मड़िहान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने कुसुम और उसकी एक बेटी को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों अन्य बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें…
अवैध निर्माण के खिलाफ LDA सख्त, होटल नोवोटेल का लोअर बेसमेंट किया सील…
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मड़िहान थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला और बच्ची के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें…
श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट की वेबसाइट से गायब हुआ चंपत राय का नाम, बढ़ीं चर्चाएं…
परिवार में पसरा मातम
घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी ने नहीं सोचा था कि पारिवारिक तनाव इतना बड़ा हादसा बन जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने किस प्रकार का जहरीला पदार्थ खाया और घटना से पहले किन परिस्थितियों में वह थी।
फिलहाल दोनों घायल बच्चों का इलाज जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें…





