
CJP Protest: छात्रों के आंदोलन पर बोलीं मायावती, केंद्र सरकार को दी यह बड़ी नसीहत
Mayawati On Student Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर संसद तक जारी छात्रों के भारी विरोध-प्रदर्शन और राजनीतिक गतिरोध पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गहरी चिंता जताई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए बसपा प्रमुख ने केंद्र सरकार को मौजूदा सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक हालातों को सूझबूझ से संभालने की नसीहत दी है।
पेपर लीक से युवाओं में निराशा और आक्रोश
मायावती ने कहा कि संसद से लेकर सड़कों तक देश में लगातार टकराव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मेडिकल सहित विभिन्न अखिल भारतीय और राज्य स्तरीय भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण देश के युवाओं में भारी निराशा है।
1.काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का देश की राजधानी नई दिल्ली में संसद के नज़दीक जन्तर मन्तर में पिछले कई दिनों से, ख़ासकर मेडिकल की नीट जैसी विशेष परीक्षा आदि में पेपरलीक व अन्य गड़बडियों के दुष्परिणामों से छात्र-छात्राओं व उनके परिवार के काफी बुरी तरह से प्रभावित हो रहे जीवन को…
— Mayawati (@Mayawati) July 23, 2026
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
सरकारी शिक्षा व्यवस्था के गिरते स्तर पर सवाल उठाते हुए बसपा प्रमुख ने कहा कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कमी की वजह से निजी कोचिंग संस्थानों का धंधा तेजी से फल-फूल रहा है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से मांग की कि:
-
कोचिंग सेंटरों पर निगरानी: निजी कोचिंग संस्थानों के भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सख्त और पारदर्शी नीतियां बनाई जाएं।
-
सरकारी शिक्षा मजबूत हो: प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक सरकारी शिक्षण संस्थानों को पर्याप्त बजट दिया जाए, ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पा सकें।
ये भी पढ़े- UP News: कमल के फूल जैसी दिखेगी यूपी की नई विधानसभा, मॉडल की तस्वीर आई सामने
सूझबूझ से संभाले सरकार
CJP और विभिन्न छात्र संगठनों के सड़क पर उतरने और आंदोलन करने की स्थिति पर मायावती ने सरकार को सलाह दी कि छात्रों की जायज मांगों को दबाने या उनसे टकराने के बजाय सरकार को बातचीत और स्थायी समाधान का रास्ता निकालना चाहिए। अगर परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए, तो युवाओं को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की नौबत ही नहीं आएगी।
ये भी पढ़े- UP Politics: समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका, 5 बार के विधायक आलमबदी का निधन





