जज्बे को सलाम: सात महीने की गर्भवती महिला ने कराटे चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल

V Anita Wins Gold: कहते हैं कि अगर मन में कुछ हासिल करने का पक्का इरादा और अटूट जज्बा हो, तो शारीरिक चुनौतियां भी रास्ते की रुकावट नहीं बन सकतीं। तमिलनाडु के चेन्नई की रहने वाली 30 वर्षीय कराटे खिलाड़ी वी. अनीता ने इस बात को साबित कर दिखाया है।

सात महीने की गर्भवती होने के बावजूद अनीता ने हाल ही में आयोजित नेशनल कराटे चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंडिविजुअल काटा स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

चैंपियनशिप में लहराया परचम

केरल के वटकारा में आयोजित ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में देश भर से 1,500 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न श्रेणियों में भाग लिया था। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में चेन्नई के रामापुरम की रहने वाली वी. अनीता ने अपनी गर्भावस्था के सातवें महीने में इंडिविजुअल काटा कैटेगरी में हिस्सा लिया। अपनी सुरक्षा और सेहत का पूरा ध्यान रखते हुए उन्होंने सटीक मूव्स और शानदार तकनीक का प्रदर्शन किया, जिससे जज काफी प्रभावित हुए और उन्हें विजेता घोषित कर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।

कॉर्पोरेट जॉब छोड़कर चुना खेल

वी. अनीता पिछले 22 सालों से कराटे का अभ्यास कर रही हैं। उन्होंने तीसरी कक्षा में ही कराटे सीखना शुरू कर दिया था और स्कूली दिनों से ही कई पदक अपने नाम किए। बीकॉम की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने लार्सन एंड टुब्रो जैसी प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट कंपनियों में नौकरी भी की।

हालांकि, मार्शल आर्ट्स के प्रति अपने जुनून के चलते उन्होंने कॉर्पोरेट करियर छोड़ दिया और कराटे को ही अपना प्रोफेशन बना लिया। वर्तमान में वे 5वें डैन ब्लैक बेल्ट धारक के रूप में महिलाओं और छात्राओं को सेल्फ डिफेंस और पर्सनल सेफ्टी का प्रशिक्षण देती हैं।

पति और गुरु का मिला सहयोग

अनीता की इस एतिहासिक कामयाबी के पीछे उनके परिवार, पति पृथ्वीराज और उनके गुरु हांशी ए. अप्पूराज का बहुत बड़ा योगदान रहा है। अनीता के पति और परिवार ने उनके इस फैसले का पूरा समर्थन किया, जबकि डॉक्टरों और ट्रेनर्स की देखरेख में उन्होंने अपनी ट्रेनिंग जारी रखी।

अनीता की इस अभूतपूर्व उपलब्धि ने न सिर्फ खेल जगत को हैरान कर दिया है, बल्कि वे देश भर की लाखों महिलाओं और महिला एथलीटों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं।

ये भी पढ़े- Asian Games की हाई-टेक तैयारी, एथलीटों के लिए बनाए गए खास ‘कंटेनर रूम्स

Back to top button