
Asian Games की हाई-टेक तैयारी, एथलीटों के लिए बनाए गए खास ‘कंटेनर रूम्स
Asian Games 2026: आगामी एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को सुनिश्चित करने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने एक अनोखी पहल शुरू की है। खेल संस्था ने पटियाला और बेंगलुरु के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (NCOE) में ट्रेनिंग ले रहे एथलीटों के लिए अत्याधुनिक और इको-फ्रेंडली ‘कंटेनर एकोमोडेशन’ (Container Accommodation) तैयार किया है।
इस अनूठी आवासीय व्यवस्था का उद्देश्य कैंप में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और शांत वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी तैयारियों पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकें।
क्या है कंटेनर एकोमोडेशन की खासियत?
शिपिंग कंटेनरों को रीसायकल और मॉडिफाई करके तैयार किए गए ये कमरे किसी फाइव-स्टार लग्जरी रूम से कम नहीं हैं। इन कमरों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि बाहर के मौसम का असर अंदर के तापमान पर न पड़े।
प्रत्येक कंटेनर रूम में अटैच वॉशरूम, स्टडी टेबल, अलमारी, हाई-स्पीड वाई-फाई और एथलीट-फ्रेंडली बेड लगाए गए हैं।पारंपरिक पक्के निर्माण की तुलना में ये कंटेनर कम समय में तैयार हो जाते हैं और पर्यावरण के अनुकूल भी हैं।
एशियन गेम्स में मेडल जीतने पर फोकस
SAI के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मुख्य हॉस्टल में एथलीटों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जगह की कमी को दूर करने के लिए यह नवोन्मेषी कदम उठाया गया है।
एथलीटों ने भी इस नई व्यवस्था की सराहना की है, क्योंकि ट्रेनिंग ग्राउंड के बिल्कुल करीब रहने से उनका समय बचता है और वे अपनी रिकवरी व डाइट पर बेहतर तरीके से ध्यान दे पा रहे हैं। एशियन गेम्स की तैयारी में जुटे खिलाड़ियों के लिए यह कदम मील का पत्थर साबित हो सकता है।
ये भी पढ़े-BCCI का बड़ा एक्शन! उम्र में फर्जीवाड़े पर 64 खिलाड़ियों पर कार्रवाई…





