
Asian Games: टीम इंडिया को नहीं मिलेगा फाइव स्टार होटल, BCCI ने दिया बड़ा अपडेट
Asian Games 2026: जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 को लेकर भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। आमतौर पर जब भी भारतीय पुरुष या महिला क्रिकेट टीम विदेशी दौरों पर जाती है, तो उनके रहने के लिए भव्य 5-स्टार होटलों की व्यवस्था की जाती है।
हालांकि, आगामी एशियन गेम्स में खिलाड़ियों को यह 5-स्टार लग्जरी सुविधा नहीं मिल पाएगी। BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्पष्ट कर दिया है कि एशियन गेम्स आयोजन समिति द्वारा नागोया में खिलाड़ियों के लिए जो ठहरने के इंतजाम किए गए हैं, भारतीय टीम उन्हीं में स्टे करेगी।
होटलों की कमी की वजह से फैसला
भारतीय एथलीटों के सेंड-ऑफ सेरेमनी के अवसर पर राजीव शुक्ला ने बताया कि host शहर नागोया में पर्याप्त संख्या में 5-स्टार होटल उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि, टोक्यो और ओसाका जैसे बड़े शहरों में लग्जरी सुविधाएं मौजूद थीं, जो बुलेट ट्रेन से लगभग डेढ़ घंटे की दूरी पर हैं।
राजीव शुक्ला के अनुसार, एशियन गेम्स एक परिवार की तरह है और सभी भाग लेने वाले देशों के खिलाड़ियों को एक ही शहर में रहना चाहिए। टीम को ओसाका या टोक्यो में ठहराना व्यावहारिक नहीं होता क्योंकि इससे खिलाड़ियों को यात्रा में काफी समय और परेशानी का सामना करना पड़ता।
BCCI ने देखी तस्वीरें और वीडियो
राजीव शुक्ला ने इस बात पर जोर दिया कि भले ही ये सुविधाएं 5-स्टार श्रेणी की न हों, लेकिन खिलाड़ियों के आराम और सहूलियत का पूरा ध्यान रखा गया है। बोर्ड ने आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराए गए कमरों की तस्वीरें और वीडियो देखकर संतुष्टि जताई है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इतिहास में पहली बार खिलाड़ियों को शेयरिंग बेसिस पर न रखकर अलग-अलग सिंगल रूम दिए जा रहे हैं, ताकि उनकी निजता बनी रहे। ठहरने के यह इंतजाम भारतीय ओलंपिक संघ (IOA), एशियन गेम्स ऑर्गनाइजिंग कमेटी और जापान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मिलकर किए गए हैं।
ये भी पढ़े-जज्बे को सलाम: सात महीने की गर्भवती महिला ने कराटे चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल
पिच, ग्राउंड और ड्रेसिंग रूम का निरीक्षण पूरा
शुरुआती दौर में एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अधिकारियों को मैदान, पिच और ड्रेसिंग रूम को लेकर कुछ चिंताएं थीं। हालांकि, जापानी आयोजकों ने इन सभी कमियों को समय रहते दुरुस्त कर लिया है और एसीसी की टीम अब सभी सुविधाओं से पूरी तरह संतुष्ट है।
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में भारतीय टीम का सफर 18 सितंबर से शुरू होगा, जबकि पुरुष टीम 20 सितंबर को रवाना होकर 28 सितंबर को अपना पहला मुकाबला खेलेगी।
ये भी पढ़े-Asian Games की हाई-टेक तैयारी, एथलीटों के लिए बनाए गए खास ‘कंटेनर रूम्स





