
लखनऊ में बड़ी कार्रवाई, शंख एयरलाइंस के चेयरमैन के ठिकानों पर IT की छापेमारी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की पहली प्रादेशिक एयरलाइन ‘शंख एयर‘ (Shankh Air) के संस्थापक और चेयरमैन श्रवण कुमार विश्वकर्मा के ठिकानों पर आयकर विभाग (Income Tax Department) ने बड़ी कार्रवाई की है। लखनऊ स्थित उनके आवास और व्यावसायिक परिसरों पर आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ छापेमारी शुरू की।
अधिकारियों की टीम सुबह तड़के शंख एयरलाइन्स और उनके संबंधित प्रतिष्ठानों पर पहुंची। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं, संदिग्ध लेन-देन और टैक्स चोरी की शिकायतों के बाद की गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
छापेमारी के दौरान किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश को रोकने के लिए स्थानीय पुलिस बल के साथ अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया। आईटी टीम कंपनी के डिजिटल रिकॉर्ड्स, बैंक खातों, संपत्तियों के दस्तावेज और लेनदेन से जुड़ी फाइलों को खंगाल रही है।
ये भी पढ़े-CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, बारिश के बीच बैरीकेडिंग पर चढ़े अजय राय
टेंपो चालक से एयरलाइन मालिक बनने का सफर रहा है चर्चा में
उन्नाव के रहने वाले श्रवण कुमार विश्वकर्मा का सफर काफी चर्चा में रहा है। कभी टेंपो व लोडर चलाने वाले श्रवण ने खनन, सीमेंट, ट्रांसपोर्ट और सरिया कारोबार के जरिए अपनी पहचान बनाई और बाद में ‘शंख एयर’ की स्थापना कर विमानन (Aviation) क्षेत्र में कदम रखा।
आयकर विभाग की इस कार्रवाई के बाद से लखनऊ के व्यावसायिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल अधिकारियों की ओर से जब्ती या खुलासे को लेकर आधिकारिक बयान आना बाकी है।
ये भी पढ़े-UP के 13 जिलों में मिले संदिग्ध हेल्थ सप्लीमेंट्स, खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन





