
Stock Market: शेयर बाजार में शुरुआती गिरावट, सेंसेक्स 222 अंक टूटा
Stock Market Update: मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, IT शेयरों में तेजी ने बाजार को कुछ सहारा दिया।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 221.89 अंक यानी 0.29 प्रतिशत गिरकर 74,093 पर आ गया और दिन का निचला स्तर छुआ। वहीं, निफ्टी 55.19 अंक यानी 0.24 प्रतिशत टूटकर 22,942 के निचले स्तर पर पहुंच गया।
इससे पहले सेंसेक्स 25.47 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,341.08 पर खुला था। वहीं, निफ्टी 67.75 अंक यानी 0.29 प्रतिशत चढ़कर 23,065.10 पर खुला।
बैंक शेयरों में मामूली गिरावट
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी IT, निफ्टी मीडिया, निफ्टी PSU बैंक और निफ्टी मेटल में 1.59 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। इसके विपरीत, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी मिडस्मॉल IT एंड टेलीकॉम और निफ्टी FMCG में 0.86 प्रतिशत तक की गिरावट आई। रियल्टी और ऑटो सेक्टर के इंडेक्स भी कमजोर रहे, जबकि फार्मा, सीमेंट, हेल्थकेयर और प्राइवेट बैंक शेयरों में मामूली गिरावट देखने को मिली।
इस सप्ताह भारतीय बाजारों ने अन्य बाजारों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में निफ्टी 50 में कुल 668 अंकों की बढ़त दर्ज की गई। बड़ी IT कंपनियों के अच्छे नतीजों और प्रबंधन की सकारात्मक टिप्पणियों से IT इंडेक्स में करीब 9 प्रतिशत की रिकवरी आई है। इससे निफ्टी को मजबूती मिली है।
एशियाई मार्केट में तेजी
एशियाई मार्केट में शुक्रवार को तेजी के साथ शुरुआत हुई। शुरुआती कारोबार में जापान का निक्केई 225 सूचकांक 1% से अधिक चढ़ गया, जबकि टॉपिक्स में 1.14% की बढ़त देखी गई। लगातार छह दिनों की गिरावट के बाद, शुक्रवार को दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.22% की तेजी के साथ खुला, जबकि स्मॉल-कैप कोस्डैक में 1.28% की बढ़त रही। ऑस्ट्रेलिया का बेंचमार्क S&P/ASX 200 सूचकांक 0.8% ऊपर रहा।
यूएस स्टॉक फ्यूचर्स
शुक्रवार सुबह US स्टॉक फ्यूचर्स में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखा। S&P 500 फ्यूचर्स स्थिर रहे, जबकि नैस्डैक-100 फ्यूचर्स में 0.3% की गिरावट आई। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स भी स्थिर रहे। यूएस 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड 5.09% पर रही।
ब्रेंट क्रूड ऑयल
आज शुरुआती कारोबार में कच्चे तेल की कीमतों में मामूली गिरावट आई, जिसमें ब्रेंट क्रूड ऑयल 105.38 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड ऑयल फ्यूचर्स 0.7% गिरकर 97.27 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतें अभी भी पश्चिम एशिया युद्ध से पहले के स्तरों की तुलना में काफी अधिक बनी हुई हैं।





